बरेली: सावन के तीसरे सोमवार को नाथ मन्दिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब, प्रसाद के रूप में मिले पौधे

नाथनगरी जलाभिषेक समिति ने शोभायात्रा निकालकर धोपेश्वरनाथ मन्दिर में किया जलाभिषेक

 | 

न्यूज टुडे नेटवर्क। बरेली में सावन के तीसरे सोमवार को शिव मंदिरों में भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिरों में तड़के चार बजे से ही जलाभिषेक का सिलसिला शुरू हो गया। शहर के त्रिवटी नाथ, अलखनाथ, मढ़ीनाथ, वनखंडी नाथ समेत सभी नाथ मंदिरों में खासी भीड़ रही। जोगी नवादा में रविवार को हुए बवाल के मद्देनजर शहरभर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था है। 

कछला और हरिद्वार से गंगा जल लेकर कांवड़ियों के जत्थे रविवार शाम से ही शहर में पहुंचने लगे। सोमवार को मंदिरों के पट खुलते ही बम-बम भोले, हर हर महादेव के जयकारें गूंज उठे। कांवड़ियों ने गंगा जल से भगवान शिव का जलाभिषेक किया। प्रमुख नाथ मंदिरों में भक्तों की कतारें लगी रहीं। सभी मंदिरों के आसपास भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। 

कल्पवृक्ष अभियान के तहत शहर के मन्दिरों में भक्तों को प्रसाद के रूप में पौधों का वितरण किया गया। पूर्व केन्द्रीय मंत्री सांसद संतोष गंगवार के साथ वन मंत्री डा अरूण कुमार, मेयर डा उमेश गौतम कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, कमिश्नर सौम्या अग्रवाल, डीएम शिवाकांत द्ववेदी और एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने अलग अलग नाथ मन्दिरों में श्रद्धालुओं को पौधों का वितरण किया और प्रकृति को बचाने का संकल्प दिलाया।

नाथनगरी जलाभिषेक समिति ने भोले के जयघोष के साथ जलाभिषेक शोभायात्रा निकाली। द्वापर युग के धोपेश्वरनाथ नाथ मन्दिर पर शिवभक्तों ने पहुंचकर विधिविधान से बाबा का जलाभिषेक किया। जलाभिषेक यात्रा श्यामगंज मन्दिर से शुरू होकर कालीबाड़ी, संजय कम्यूनिटी हाल, रामपुर गार्डन से होते हुए धोपेश्वरनाथ मन्दिर पहुंची। शहर में कई स्थानों पर जलाभिषेक शोभायात्रा का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।

WhatsApp Group Join Now
News Hub