बरेली: सावन के पांचवे सोमवार को शिवमय हुयी नाथनगरी, मन्दिरों में जलाभिषेक, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

 | 

न्यूज टुडे नेटवर्क। सावन के पांचवें सोमवार को नाथनगरी बरेली के मन्दिरों में सुबह से ही आस्था का सैलाब उमड़ा रहा। दूर दराज के क्षेत्रों समेत शहरी इलाके के श्रद्धालुओं ने पूरे भक्तिभाव के साथ भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।

सड़कों पर कांवड़ियों का जत्था कांवड़ लाते हुए अपनी मंजिल की तरफ जाते हुए नजर आया। डीजे की धुन पर भगवान के भजनों पर वह जमकर झूम रहे थे। जोगीनवादा में हुए बवाल के बाद शहर के सभी प्रमुख मंदिरों पर पुलिस भी सतर्क नजर आई। मंदिरों में कड़ी सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे।

पवित्र श्रावण माह के पांचवे सोमवार को मंदिरों में सुबह तीन बजे से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतार देखी गई। अपनी बारी का इंतजार करते हुए श्रद्धालु लाइन में नजर आए। भगवान शिव शंकर के मंदिर में शिवालयों पर भांग, धतूरा, बेलपत्र, दुग्ध, शहद आदि से अभिषेक करते नजर आए।।

बीते दिनों कावड़ यात्रा ले जाने के दौरान जोगी नवादा में बवाल हो गया था। हंगामे के बीच पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा था। क्षेत्र में तनाव की स्थिति देखते हुए शहर के सभी प्रमुख मंदिरों में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

शहर के सभी प्रमुख मंदिरों में मेले जैसा माहौल था। जहां लोग अपनी जरूरत की चीजें खरीदते हुए नजर आए। वहीं बच्चों के लिए यह एक मस्ती का माहौल बना हुआ था वह खिलौने आदि खरीद रहे थे। दुकानों पर कलावा, भगवान की तस्वीर और किताबें आदि भारी संख्या में खरीदी जा रही थीं।

WhatsApp Group Join Now