बरेली: पार्षदों की पाठशाला में पहुंचे जलशक्ति मंत्री, कहा- 2017 से पहले लोग टीका लगाने से डरते थे

 | 

न्यूज टुडे नेटवर्क। लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी भाजपा ने अब नगर निगम के पार्षदों को भी चुनाव की तैयारियों में जुटा दिया है। जनता के बीच जाकर भाजपा के पार्षद सरकार की उपलब्धियां बताएंगे। पार्षदों को चुनावी प्रशिक्षण देने के लिए बरेली में तीन जिलों के पार्षदों को बुलाया गया है। सोमवार को प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कार्यशाला का शुभारंभ करते हुए पार्षदों को संबोधित किया और चुनाव में जनता के बीच जाने के मंत्र दिए।

पार्षदों के प्रशिक्षण शिविर में बरेली, शाहजहांपुर और अलीगढ़ के पार्षद हिस्सा लेने पहुंचे हैँ। जलशक्ति मंत्री ने पार्षदों से संवाद करते हुए 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले से पार्टी की नीतियां और सरकार की योजनाएं जन जन तक पहुंचाने के तरीके बताए। मंत्री ने कहा कि सरकार के नौ साल के कार्योँ को पार्षद घर घर तक पहुंचाएं।

इस मौके पर मीडिया से बात करते हुए जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि सरकार के नौ साल बेमिसाल रहे हेँ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गरीबों के कल्याण के लिए जो योजनाएं चलायीं हैं, उनका लाभ आम जनता तक सीधे पहुंच रहा है। आयुष्मान कार्ड योजना, हर घर नल कनेक्शन योजना और कोरोना काल में सभी को अनाज वितरण ये सरकार की बड़ी योजनाएं हैं। लोकसभा चुनावों में इंडिया गठबंधन की सक्रियता पर जलशक्ति मंत्री ने कहा कि गठबंधन से कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है। जनता के मन में सौ फीसदी विश्वास है कि अब देश किसके नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि 2017 के पहले लोग टीका लगाने से डरते थे।

डीजे पर प्रतिबंध लगता था, कांवड़ यात्राओं पर प्रतिबंध लगता था, त्यौहारों में शोभायात्राओं पर रोक लगती थ्री। बेटियां घरों से निकलने में डरती थीं, दिन में ही लूट जैसी घटनाएं हो जाती थीं। आज योगी सरकार के नेतृत्व में कांवड़ यात्राओं पर पुष्पवर्षा हो रही है। हिन्दू मुसलमान सभी को सरकारी आवास और बिजली कनेक्शन मिल रहा है। जनता का आर्शीवाद भाजपा और नरेन्द्र मोदी के साथ है।

संघ प्रमुख मोहन भागवत के भारत को इंडिया ना कहने वाले बयान स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि यह गरीब किसानों का देश है, तो वास्तव में जो सपना स्वतंत्रता सेनानियों से लेकर महाराणा प्रताप और भगत सिंह ने देखा था कि पूरी में दुनियां में भारत माता की जयजयकार होना चाहिए।  आज वो समय आ गया है, आज लंदन की धरती पर भी जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उतरते हैं तो भारत माता की जय और वंदेमातरम का नारा लगता है। बता दें कि संघ प्रमुख मोहन भागवत ने कहा था कि भारत एक हिन्दू राष्ट्र है, इसे भारत कहना चाहिए, भारत को इंडिया नहीं कहना चाहिए। दरअसल मोहन भागवत का इशारा कांग्रेस की अगुवाई में बने तमाम दलों के गठबंधन की ओर था।

जलशक्ति मंत्री ने आगे कहा कि देशहित में राष्ट्र हित में क्या हो सकता है, गरीब के कल्याण और खुशहाली के लिए क्या नए काम होने हैं, सरकार इस पर काम कर है। वन नेशन वन इलैक्शन के मुद्दे पर देश भर में छिड़ी बहस के सवाल पर स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जो निर्णय लेंगे वह गांव, गरीब और किसान के हित को देखते हुए ही लेंगे।

पार्षदों का प्रशिक्षण कई सत्र में चलेगा, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमापति राम त्रिपाठी और कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह समेत कई और बड़े नेता भी प्रशिक्षण शिविर में पहुंच सकते हैँ। इस मौके पर सोमवार को प्रशिक्षण कार्यशाला में वन मंत्री डा अरूण कुमार, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, मेयर डा उमेश गौतम, भाजपा ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, एमएलसी कुंवर महाराज सिंह, जिलाध्यक्ष पवन शर्मा, महानगर अध्यक्ष डा केएम अरोड़ा समेत पार्टी के तमाम दिग्गज नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

WhatsApp Group Join Now