‘’बरेली - जीआरएम स्कूल के हिंदी शिक्षक रजनीश हुए दिल्ली में सम्मानित, हिंदी के प्रत्साहन के लिए मिला सम्मान’’
बरेली- ( जिया सती ) श्री गुलाब राय मॉन्टेसरी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, नैनीताल रोड शाखा के वरिष्ठ हिन्दी शिक्षक रजनीश त्रिवेदी को हिन्दी भाषा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए नई दिल्ली में आयोजित एक विशेष समारोह में सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम हिन्दी दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था, जिसका उद्देश्य हिन्दी भाषा को प्रोत्साहन देना और शिक्षकों के योगदान को पहचानना था।
इस भव्य समारोह का आयोजन "हिंदी हैं हम" नामक भाषा उत्सव के तहत किया गया, जिसे हिन्दी अकादमी, दिल्ली सरकार और मधुबन एजुकेशनल बुक्स ने मिलकर आयोजित किया था। कार्यक्रम का आयोजन सीरी इंस्टीट्यूशनल एरिया, हौज खास, नई दिल्ली स्थित पीएचडीसीसीआई सभागार में हुआ। देशभर से चुने गए 357 हिन्दी शिक्षकों को इस अवसर पर स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में कला एवं संस्कृति मंत्री कपिल मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ दिल्ली सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, अंतरराष्ट्रीय भाषाविद, राजदूत, मीडिया प्रतिनिधि, और शिक्षा जगत से जुड़ी कई प्रतिष्ठित हस्तियां भी मौजूद थीं। सभी ने हिन्दी भाषा की वर्तमान स्थिति, उसके वैश्विक महत्व और शिक्षक की भूमिका पर विचार साझा किए।
रजनीश त्रिवेदी को यह सम्मान उनके उत्कृष्ट शिक्षण कार्य और हिन्दी भाषा के प्रति उनके समर्पण के लिए प्रदान किया गया। विद्यालय परिवार और उनके सहयोगियों में इस उपलब्धि को लेकर गर्व और उत्साह का वातावरण है। रजनीश त्रिवेदी विद्यालय में मीडिया प्रभारी की भूमिका भी निभाते हैं, और उन्होंने अपने अनुभवों को साझा करते हुए हिन्दी भाषा को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
