बलवीर गिरी आज चादर विधि से बनेंगे बाघंबरी मठ के नए महंत, पंच परमेश्वर निभायेंगे परंपरा
बलवीर गिरी को सौंपी जायेगी बाघंबरी मठ व लेटे हनुमान मन्दिर की जिम्मेदारी

न्यूज टुडे नेटवर्क। प्रयागराज के बाघंबरी मठ में आज महंत बलवीर गिरी को महंत नरेन्द्र गिरी का विधिवत उत्तराधिकारी घोषित किया जायेगा। चादर विधि से अखाड़े के पंच परमेश्वर बलवीर गिरी को मठ का नया महंत की जिम्मेदारी सौंपेंगे। उन्हें बाघंबरी मठ और लेटे हनुमान मन्दिर की जिम्मेदारी सौंपी जायेगी। गौरतलब है कि महंत नरेन्द्र गिरी की संदिग्ध मौत के बाद मिले सुसाइड नोट में बलवीर गिरी को ही उन्होंने अपना उत्तराधिकारी बनाया था।

अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज और सचिव रवींद्र पुरी की मौजूदगी में चादर विधि का कार्यक्रम होगा। श्री निरंजनी अखाड़े के सचिव रवींद्र पुरी ने बताया कि जब किसी अखाड़े का नया उत्तराधिकारी घोषित किया जाता है, तो उसे चादर विधि से महंत बनाया जाता है। हमारे अखाड़ों की यही परंपरा रही है। जिस दिन अखाड़े के महंत की षोडशी होती है, उसी दिन नए महंत की चादर विधि भी करते हैं।

नरेंद्र गिरि की मौत के बाद से ही उत्तराधिकार को लेकर तमाम कयास बाजी चल रही थीं। उन्होंने अपने वसीयतनामा में बलबीर पुरी को अपना उत्तराधिकारी घोषित किया था। हालांकि, यह वसीयत तीन बार उन्होंने बदली थी। पहले नरेंद्र गिरि ने बलवीर पुरी को 2010 में अपना उत्तराधिकारी घोषित किया था। 2011 में आनंद गिरि को अपना उत्तराधिकारी घोषित कर दिया। बीते साल आनंद गिरि से विवाद होने के बाद उन्होंने 2 जून 2020 को बलबीर पुरी को अपना उत्तराधिकारी घोषित किया।