दुधवा के बाद अब पीलीभीत टाइगर रिजर्व में तेंदुआ मृत मिलने से हड़कंप

 | 

न्यूज टुडे नेटवर्क। तराई के जंगलों में वन्यजीवों पर संकट बरकरार है। लखीमपुर के दुधवा नेशनल पार्क में तीन बाघ और एक तेंदुए की मौत के बाद अब पीलीभीत टाइगर रिजर्व में एक तेंदुए का शव मिलने से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने तेंदुए के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। तेंदुए के शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैँ।

मंगलवार की सुबह ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम ने माला रेंज की गढ़ा बीट के कंपार्टमेंट नंबर 135 के करीब के खेत से तेंदुए का शव बरामद किया। इसकी जानकारी मिलते ही विभागीय अधिकारियों में खलबली मच गई।  सामाजकि वानिकी के डीएफओ संजीव कुमार ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। 

डीएफओ संजीव कुमार ने जांच पड़ताल के बाद तेंदुए के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। उन्होंने बताया कि एक साल का नर तेंदुआ है। फिलहाल शरीर के सभी अंग सुरक्षित हैं। चोट के कहीं निशान नहीं है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही तेंदुए की मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। 

WhatsApp Group Join Now