खेलो इंडिया प्रोग्राम के तहत बरेली के स्टेडियम में चलेगा स्पेशल हाकी ट्रेनिंग कैंप, प्रतिभाओं को निखारने किए जा रहे प्रयास

 | 

न्यूज टुडे नेटवर्क। खेलो इंडिया यूथ गेम प्रोग्राम के अन्तर्गत खेलों के क्षेत्र में छिपी प्रतिभाओं को निकालने के लिए नई शुरुआत की गयी है। खेल मंत्री कर्नल राजवर्धन सिंह राठौड़ द्वारा यह कैंपेन शुरु किया गया है। खेलो इंडिया यूथ गेम प्रोग्राम के तहत बरेली में छिपी खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिएयह प्रयास शुरु कर दिया गया है। खिलाड़ियों को छोटी उम्र से ही खेलों में पारंगत बनाने के लिए उन्हें प्रशिक्षण दिया जायेगा। इसके लिए अलग से प्रशिक्षकों की नियुक्ति भी की जायेगी।

बरेली में खेलो इंडिया प्रोग्राम के तहत खेलो इंडिया केन्द्र बनाया गया है। केन्द्र सरकार द्वारा पूरे देश में खेलो इंडिया प्रोग्राम के तहत 4 साल में 1 हजार केन्द्र खोले जाएंगे। प्रत्येक जिले में एक केन्द्र खोलने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इन केन्द्रों पर खेल उपकरण व कोच भी उपलब्ध कराए जाएंगे जो खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देंगे।

खेलो इंडिया प्रोग्राम के तहत बरेली के स्पोर्ट्स स्टेडियम को हाकी कैंप लगाने के लिए चुना गया है। कैंप में 25 बच्चों को हाकी का प्रशिक्षण देने के लिए चुना गया है। इन बच्चों की उम्र 15 वर्ष से कम है। प्रशिक्षण के दौरान प्रत्येक जूनियर खिलाड़ी को स्पोर्ट्स किट और एक हाकी उपलब्ध कराई जायेगी। इस प्रकार स्पेशल कैंप लगाकर इन जूनियर खिलाड़ियों को प्रशिक्षित किया जायेगा। इस प्रोग्राम के जरिए सरकार की मंशा अच्छे खिलाड़ी तैयार करने की है। जो भविष्य में आगे चलकर खेलों के क्षेत्र में देश का नाम रोशन करें।