यूपी : ट्रैक्टर ट्रॉली और मैक्स की भीषण भिड़ंत, 17 लोग हुए घायल...

 | 

न्यूज़ टुडे नेटवर्क! उत्तर प्रदेश के एटा में आज तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जिसमें श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर ट्राली मैक्स गाड़ी से टकरा गई। इस हादसे में अनेक श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। फिलहाल पुलिस ने सभी घायलों को अवन्ती बाई मेडिकल कॉलेज में उपचार के लिए भर्ती कराया है। जहां से करीब 4 लोगों को हायर सेंटर आगरा रेफर किया गया है। आपको बताते चलें कि यह घटना एटा के जलेसर थाना क्षेत्र के अंतर्गत तोप चौराहे के पास घटी है, जिसमें मथुरा वृंदावन से गोवर्धन परिक्रमा लगाकर वापस लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली को पीछे से आ रही तेज रफ्तार मैक्स पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी।

जिससे ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई। ट्रैक्टर ट्राली में सवार महिलाओं सहित करीब 17 श्रद्धालु घायल हुए हैं, जिनको मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। सभी घायल श्रद्धालु जनपद फिरोजाबाद के थाना एका भगनेर के निवासी हैं। मैक्स चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और कार्रवाई की जा रही है। दुर्घटना तड़के 3 बजे हुई। दुर्घटना के दौरान ट्रैक्टर का पहिया निकल गया, जिससे वह अनियंत्रित हो गया और ट्राली में बैठे लोग उछलकर दूर जा गिरे। मैक्स भी क्षतिग्रस्त हुई है।

दुर्घटना में घायल कामता प्रसाद (50) संजीत (25) दिलीप (26) सत्यवीर (26) और डौली (18) को अगारा रैफर किया गया है। जबकि भूपेंद्र (22), थान सिंह (28), विनय (26), पुष्पेंद्र (23), संजय (23), सुरजन (32) को जिला मुख्यालय पर उपचार के लिए भेजा है। अन्य घायलों में विपिन (25), किशोर (26), राहुल (26), अर्जुन (24), गौरव (25) रिंक (33) भी घायल हुये हैं।