सपने चूर-चूर जीत हुयी बहुत दूर, रामपुर, खतौली व मैनपुरी में सपा आगे, भाजपा को झटका

न्यूज टुडे नेटवर्क। यूपी में एक लोकसभा और दो विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजों के रूझान सामने आने के बाद सपा के खेमे में जश्न का माहौल है। वहीं भाजपा कार्यकर्ता मायूसी के साथ मतगणना के आने वाले नतीजों का इंतजार कर रहे हैं। उपचुनाव में सपा भाजपा के बीच मचे चुनावी घमासान में रामपुर विधानसभा सीट पर आजम की सियासत दांव पर थी। वहीं मैनपुरी लोकसभा सीट पर सपा संरक्षक का जलवा कायम रखने की चुनौती सैफई परिवार के आगे थी। खतौली विधानसभा सीट पर भी सपा जलवा कायम रखना चाहती थी। चुनाव नतीजों के रूझान सामने आने के बाद चुनावी दावे हवा होते नजर आ रहे हैं।

रामपुर में आजम का निजाम कायम रहने के संकेत तो चुनाव नतीजों ने दे ही दिए हैं। रामपुर सीट से भाजपा के प्रत्याशी आकाश सक्सेना 15वें राउण्ड में भी सपा प्रत्याशी आसिम राजा से करीब 5 हजार वोटों से पीछे रहे हैं। वहीं खतौली की बात करें तो वहां सपा रालोद के संयुक्त उम्मीदवार मदन भैया भी भाजपा प्रत्याशी से करीब 10 हजार वोटों से आगे हैं। अब बात मैनपुरी लोकसभा सीट की करें तो मैनपुरी में मुलायम परिवार का जलवा पूरी तरह से कायम है।

मैनपुरी में सपा उम्मीदवार डिम्पल यादव भाजपा उम्मीदवार से करीब 1 लाख वोटों से आगे चल रही हैं। मैनपुरी की सीट पर चुनाव लड़ रहे भाजपा प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य खुद अपने ही बूथ पर चुनाव हारे हैं। चुनावी नतीजों के रूझान सामने आने के बाद जहां एक ओर सपा खेमे में खुशी का माहौल है। वहीं भाजपा खेमे में बेसब्री से नाजुक माहौल में चुनाव के अंतिम नतीजे सामने आने का इंतजार हो रहा है।
सपा के राज्य मुख्यालय राजधानी लखनऊ में बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता जमा होकर जश्न मनाने की तैयारी कर रहे हैं। सपा मुखिया अखिलेश यादव गुरूवार सुबह ही लखनऊ से सैफई के लिए रवाना हो गए हैं। मतगणना लगभग अंतिम दौर में हैं, लिहाजा फाइनल नतीजे बहुत दूर नहीं हैं। शाम 4 बजे तक सभी नतीजे सामने आने की उम्मीद जतायी जा रही है।
सीएम योगी समेत भाजपा ने झोंकी थी पूरी ताकत
गौरतलब है कि उपचुनाव में पार्टी उम्मीदवारों को जिताने के लिए खुद सीएम योगी आदित्यनाथ समेत भाजपा के दिग्गज नेताओं ने दिन रात एक करके पूरी ताकत झोंक दी थी। रामपुर में भाजपा नेता बराबर डेरा जमाकर चुनाव जीतने की हर रणनीति पर काम करते रहे थे। यही हाल खतौली और मैनपुरी सीट पर भी था। रामपुर और खतौली में खुद सीएम योगी आदित्यनाथ ने जनसभा करके भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में माहौल बनाया था। वहीं मैनपुरी में भी भाजपा के तमाम दिग्गज नेताओं ने डेरा डालकर सीट सपा परिवार से छीनने की पुरजोर कोशिश की थी। फिर भी सामने आ रहे चुनाव नतीजों के रूझानों में भाजपा खेमे के हाथ मायूसी ही लगी है।