Lucknow में महंगा हो कुत्ता पालना, नगर निगम कर रहा ये नई व्यवस्था

 | 

न्यूज टुडे नेटवर्क। पालतू डॉग्स का रजिस्ट्रेशन लखनऊ में महंगा हो सकता है। नगर निगम लखनऊ रजिस्ट्रेशन फीस बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। इसके तहत अब 500 रुपए की जगह 1000 रुपए शुल्क लिया जा सकता है। अधिकारियों का कहना है कि इसको लेकर प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।

आने वाली कार्यकारिणी की बैठक में यह प्रस्ताव रखा जाएगा। वहां से पास होने के बाद इसको लागू कर दिया जाएगा। मौजूदा समय में नगर निगम 200, 300 और 500 रुपए रजिस्ट्रेशन फीस ली जाती है। इसको अब 1000 रुपए करने की तैयारी है। लखनऊ में करीब 5000 लोगों ने डॉग्स का रजिस्ट्रेशन कराया है। इससे विभाग को करीब 20 लाख रुपए का राजस्व मिलता है।

50 लाख तक पहुंच जाएगा राजस्व
अगर निगम 1000 रुपए रजिस्ट्रेशन शुल्क करता है, तो आने वाले वित्तीय साल में विभाग का राजस्व 50 लाख रुपए पहुंच जाएगा। एक अप्रैल से 31 मार्च तक डॉग्स के रजिस्ट्रेशन का सत्र रहता है। ऐसे में इस साल जिसका रजिस्ट्रेशन हो गया है, उनको पैसा नहीं देना होगा। हालांकि, अगले साल उनकी जेब ढीली हो सकती है।

15 अगस्त के बाद तेज होगा अभियान
नगर निगम सूत्रों के अनुसार, अभी बहुत बड़े वर्ग ने अपने डॉग्स का रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है। ऐसे में 15 अगस्त के बाद सुबह और शाम नगर निगम चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। इसमें अपार्टमेंट में खासकर इस अभियान को तेज किया जाएगा, ताकि विभाग का राजस्व बढ़ सके।

एक अनुमान के अनुसार, शहर में करीब 25 हजार से ज्यादा परिवार के पास पालतू जानवर हैं। अभी तक महज 20 फीसदी लोगों ने ही रजिस्ट्रेशन कराया है।