बरेली: दिन दहाड़े मचा किडनैपिंग का शोर, पुलिस पहुंची तो कुछ और निकला मामला, जानिए, क्या है ये खबर

न्यूज टुडे नेटवर्क। यूपी के बरेली में सड़क पर दिन दहाड़े लड़की की किडनैपिंग का हल्ला मच गया। अफरा तफरी मची तो किसी ने पुलिस को खबर कर दी। आनन फानन में पुलिस मौके पर पहुंची तो किस्सा कुछ और ही निकला। हंगामे के बीच पुलिस लड़की को अपने साथ ही ले गयी। मामला बरेली इज्जतनगर थाना क्षेत्र का है। पड़ोसी जिले पीलीभीत के बीसलपुर क्षेत्र के रहने वाले एक युवक का बरेली की लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था।

गुरूवार को वह इज्जतनगर क्षेत्र में लड़की से मिलने आया था। इसी बीच लड़का लड़की को साथ ले जाने लगा। दोनों के हाव भाव देखकर वहां मौजूद लोगों ने इसे किडनैपिंग समझा और शोर मचा दिया। हल्ला होने पर वहां काफी लोग इकट्ठा हो गए। भीड़ में मौजूद किसी शख्स ने 112 डायल पुलिस को मामले की जानकारी दे दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने लड़की को थाने ले बैठा लिया। पूछताछ के बाद पुलिस को दोनों के प्रेम प्रसंग की हकीकत पता चली। जिसके बाद पुलिस ने दोनों के परिजनों को सूचना देकर थाने बुलवा लिया। मामला काफी चर्चा का विषय बना हुआ है।
