बरेली: बंटवारे में भाई नहीं देना चाहते थे जमीन तो छोटे भाई की पत्नी ने तेजाब से कर डाला ये कांड
न्यूज टुडे नेटवर्क। यूपी के बरेली में जमीनी विवाद में ग्रामीण को तेजाब से जलाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि जमीन बंटवारे को लेकर चल रहे विवाद में ग्रामीण के छोटे भाई की पत्नी ने यह हरकत की। पत्नी ने ग्रामीण के जूते तेजाब से भर दिए। जैसे ही ग्रामीण ने जूते पहने तो उसके पैर जल गए। ग्रामीण को घायलावस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला बरेली के फरीदपुर थाना क्षेत्र का है।
फरीदपुर के ढकनी गांव निवासी लेखपाल का जमीन बंटवारे को लेकर भाईयों छोटेलाल, प्रकाश और नरेश से विवाद चल रहा है। पिता को जिला अस्पताल लेकर आए लेखपाल के बेटे सौरभ ने बताया कि उसके पिता के भाई उन्हें जमीन नहीं देना चाहते हैं। इसी विवाद में छोटे भाई नरेश की पत्नी तुलसा देवी ने घर में सो रहे लेखराज के जूतों में चुपके से तेजाब भर दिया। सुबह तड़के लेखराज ने उठकर जैसे ही जूते पहने तो उसकी चीख निकल गयी।
वह छटपटाकर चिल्लाने लगा। घर वाले दौड़कर आए तो सारी बात का पता चला। उसने पूरी बात अपने बेटे सौरभ को बतायी। बेटे ने पिता को पहले फरीदपुर स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पीडि़त ने बताया कि मामले की शिकायत पुलिस से की गयी, लेकिन पुलिस ने अभी तक मामला दर्ज नहीं किया है।
