बरेलीः असलहों से लैस डकैतों ने वकील के घर बोला धावा, विरोध पर बंदूक की बटों से पीटा

 | 

न्यूज टुडे नेटवर्क। बरेली में डकैतों का खौफ दिन पर दिन बढ़ता जा रहा है। हथियारबंद बदमाषों ने इज्जतनगर थाना क्षेत्र में एक वकील के घर पर हमला बोल दिया। डकैतों ने गृहस्वामी के साथ मारपीट करके एक घंटे तक उन्हें बंधक बनाए रखा। बदमाषों ने इस दौरान इस दौरान घर में जमकर तोड़फोड़ की और उत्पात मचाया। डकैतों ने अलमारी के ताले तोड़कर घर में रखी नकदी व जेवर लूट लिया। गृहस्वामी के विरोध करने पर बदमाषों ने उसे बंदूक की बटों से पीट पीटकर घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए।

डकैती की यह घटना इज्जतनगर थाना क्षेत्र के अब्दुल्लापुर माफी की है। डकैती का शिकार विवेक पेशे से वकील है। विवेक व उसकी पत्नी सरिता ने बताया कि रात दो तीन बजे दर्जन भर डकैत हथियार लेकर घर में घुस गए और हमला बोल दिया। डरे सहमे दंपति ने बताया कि एक घंटे तक उन्हें हथियारों के बल पर बंधक बनाए रखा। घर में डकैत बेखौफ होकर लूटपाट करते रहे। जब विवेक ने उनकी इस हरकत का विरोध किया तो विवेक को बंदूक की बटों से पीट पीटकर लहूलुहान कर दिया।

घर में रखा जेवर और नकदी अलमारी के ताले तोड़कर लूट लिए। जिसके बाद सभी डकैत हवा में फायर करते हुए मौके से फरार हो गए। डरे सहमे दंपति ने फौरन पुलिस को लूट की घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। डकैतों की तलाश में पुलिस की कई टीमों को भेजा गया है।