भाजपा की तिरंगा यात्रा और जन्माष्टमी को लेकर अखिलेश ने सरकार पर कसा तंज

 | 

न्यूज टुडे नेटवर्क। सपा में छोटे लोहिया कहे जाने वाले जनेश्वर मिश्र की जयंती पर अखिलेश यादव ने शुक्रवार को श्रद्धांजलि दी। गोमतीनगर के जनेश्वर मिश्र पार्क में अखिलेश यादव ने उनकी मूर्ति पर पुष्प अर्पित किए। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा, "तिरंगा यात्रा के बहाने भाजपा दंगा करा सकती है। कासगंज में आपने देखा होगा। भाजपा के लोगों ने ही तिरंगा यात्रा के नाम पर किस तरह हिंदू-मुस्लिम का दंगा करवाया था। लखनऊ में सबसे ऊंचा तिरंगा सपा ने जनेश्वर मिश्रा पार्क में लगवाया है। भाजपा के लोग तो केवल धोखा देने का काम करते हैं।"

अखिलेश ने कहा, "मुख्यमंत्री ने भोलेनाथ पर बाल्टी से भरा दूध चढ़ाया। हमको पैकेट वाला दूध चढ़ाने पर बढ़ी हुई GST देनी होगी। लोग जन्माष्टमी मनाएं, इसलिए दूध पर GST लगा दी गई है। तिरंगा यात्रा निकालने वाले बताएं कि अब तक संघ के मुख्यालय पर तिरंगा क्यों नहीं लगा। हमने जनेश्वर मिश्र पार्क में सबसे बड़ा तिरंगा लगाया है। उद्घाटन के दूसरे दिन ही 15 हजार करोड़ का बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे टूटने लगा, इसके भ्रष्टाचार की ED और CBI जांच कब होगी?"

वाराणसी जेल से MLC बाहुबली बृजेश सिंह के रिहा होने पर अखिलेश यादव ने कहा, "सरकार के लोग तीन से चार घंटे वाराणसी जेल में उसके साथ बैठते थे। अब बाहर बैठेंगे।" उन्होंने कहा, "हम समाजवादी लोग आज छोटे लोहिया को याद करते हुए संकल्प लेते हैं कि आने वाले समय में जाति जनगणना कराने का काम किया जाएगा। जब कभी समाजवादी सरकार बनेगी तो प्रदेश में जातिगत जनगणना कराई जाएगी।"