आगरा:पालीवाल पार्क और शहीद स्मारक बनेंगे आकर्षण का केंद्र, होगा यह बदलाव

 | 
paliwal park

News Today Network- ताजनगरी में नाइट कल्चर को विकसित करने के लिए उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने अपने कदम आगे बढ़ाए हैं। उन्होंने शहर के पालीवाल पार्क और शहीद स्मारक को देर रात तक आबाद करने की पैरोकारी के साथ ही इन्हें विकसित करने की योजना तैयार की है। ये दोनों स्थल शहर के आकर्षण का केंद्र होंगे। यहां लोग देर रात तक सैर-सपाटा कर सकेंगे। इसके लिए इन जगहों का समुचित विकास कराया जाएगा। इतना ही नहीं, जोंस लाइब्रेरी को भी आधुनिक बनाया जाएगा। इसे ई-लाइब्रेरी के रूप में तब्दील करने के लिए भी कवायद की जा रही है। विधायक पुरुषाेत्तम खंडेलवाल ने इन सभी के लिए कार्ययोजना तैयार की है। स्थानीय स्तर पर विभिन्न विभागों के साथ मिलकर योजनाओं को मूर्त रूप दिया जाएगा।

विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल और चेंबर के पूर्व अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने शनिवार को संजय प्लेस स्थित शहीद स्मारक का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां की स्थिति देखी। विधायक कहना है कि शहीद स्मारक का समुचित विकास होगा। नई पीढ़ी शहीदों के बारे में जान सकेे, इसके लिए यहां शहीदों पर आधारित लाइड एंड साउंड शो कराया जाएगा। इसके साथ ही यहां खानपान की भी व्यवस्था होगी। लोग परिवार के साथ देर रात तक यहां लुत्फ ले सकेंगे। पालीवाल पार्क को भी उद्यान के रूप में विकसित किया जाएगा। वर्तमान में इसका अधिकांश हिस्सा वन क्षेत्र बना हुआ है। यहां नौका विहार के साथ ही पार्क को विकसित किया जाएगा। यहां फूड जोन भी विकसित करने की योजना है। शहरवासी देर रात तक यहां समय व्यतीत कर सकेंगे। इसे पिकनिक स्पाट के रूप में विकसित किया जाएगा। शहरवासी यहां देर रात तक घूम फिर सकेंगे। साथ ही परिवार के साथ खान-पान का आनंद ले सकेंगे। 

WhatsApp Group Join Now