"बेतालघाट से अमेरिका तक: भारत की आत्मा की आवाज़ बनेंगे प्रो. विद्यालंकार: अमेरिका में देंगे वैदिक ज्ञान का पाठ"

बेतालघाट-( जिया सती ) प्रोफेसर विनय कुमार विद्यालंकार, जो शहीद श्री खेमचन्द्र डौर्बी राजकीय महाविद्यालय, बेतालघाट के प्राचार्य हैं, को अमेरिका की आर्य प्रतिनिधि सभा द्वारा वैदिक सिद्धांतों पर व्याख्यान देने के लिए आमंत्रित किया गया है। वे 12 जून 2025 को अमेरिका के लिए प्रस्थान करेंगे और 30 जून तक विभिन्न शहरों जैसे बोस्टन, न्यूयॉर्क, न्यूजर्सी, फिलाडेल्फिया और अटलांटा के शिक्षण व सामाजिक संस्थानों में वेद और भारतीय दर्शन पर व्याख्यान देंगे। उनके व्याख्यानों में वैदिक विज्ञान, मनोविज्ञान, पर्यावरण विज्ञान, कर्म सिद्धांत, गीता दर्शन और "मनुर्भव" जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल होंगे।

प्रोफेसर विद्यालंकार इससे पहले भी ऑस्ट्रेलिया, हॉलैंड, फिजी, मॉरीशस और नेपाल जैसे देशों में वैदिक साहित्य एवं सनातन धर्म की आधुनिक समय में प्रासंगिकता पर व्याख्यान दे चुके हैं। वे विश्वभर में "वसुधैव कुटुम्बकम" की भावना को प्रचारित करते हैं। पिछले वर्ष भी उन्होंने न्यूयॉर्क के होफस्ट्रा विश्वविद्यालय में 'वैदिक ग्लोबल सम्मेलन' में हिस्सा लेकर भारत के ज्ञान को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत किया था।

उनकी इस नई शैक्षणिक यात्रा को लेकर उत्तराखंड उच्च शिक्षा विभाग के निदेशक प्रो. कमल किशोर पाण्डेय ने उन्हें बधाई दी है और शासन की ओर से अनुमति भी प्रदान की है। महाविद्यालय में उनकी यात्रा के लिए एक शुभकामना समारोह आयोजित किया गया, जिसमें सभी शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्रों ने उन्हें शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार ने गर्व और प्रसन्नता व्यक्त की कि उनका नेतृत्व एक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की सांस्कृतिक विरासत का प्रतिनिधित्व कर रहा है।