पंतनगर: 17वें कृषि विज्ञान सम्मलेन में मुख्यमंत्री धामी ने किसानों को किया सम्मानित ,जानिए किस मिशन पर दी जाएगी 80% सब्सिडी 
 

 | 

पंतनगर : पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित 17वें कृषि विज्ञान सम्मेलन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिरकत की। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय द्वारा तैयार की गई मंडुए की लस्सी और बर्फी का स्वाद चखा और देश-विदेश से आए वैज्ञानिकों का भव्य स्वागत किया। साथ ही, उन्होंने प्रदेश के प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री धामी ने सम्मेलन के दूसरे दिन का शुभारंभ करते हुए वैज्ञानिकों, शोधार्थियों, छात्रों और किसानों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार किसानों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध हैं। इस सम्मेलन के माध्यम से देश-विदेश के वैज्ञानिक, शोधार्थी, छात्र और किसान एक मंच पर एकत्रित हुए हैं, जिससे किसानों को नई तकनीक और जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र और राज्य के बजट में किसानों, गरीबों और बेरोजगारों के हितों का विशेष ध्यान रखा गया है।

मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि किसानों को बिना ब्याज के तीन लाख रुपए का ऋण दिया जा रहा है। साथ ही, कृषि यंत्रों और एप्पल मिशन के तहत बगीचा बनाने वाले किसानों को 80 प्रतिशत की सब्सिडी प्रदान की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश सरकार धौला देवी, मुनस्यारी और बेतालघाट के चाय बागानों को जैविक चाय बागानों में परिवर्तित कर रही है। इसके अलावा, सरकार सुगंधित खेती को बढ़ावा देने के लिए 6 अरोमा वैली का निर्माण कर रही है।

इस सम्मेलन में विभिन्न संस्थानों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए मुख्यमंत्री ने कृषि विज्ञान और तकनीकी विकास में नवीनतम प्रगति को देखा और सराहना की। उन्होंने किसानों और वैज्ञानिकों के बीच सहयोग को मजबूत करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

WhatsApp Group Join Now