‘’शैमफोर्ड स्कूल में ममता, सम्मान और उत्साह के साथ मनाया गया मदर्स डे’’
हल्द्वानी-(जिया सती ) शैमफोर्ड स्कूल में शनिवार को मदर्स डे बड़े उत्साह और सम्मान के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के चेयरमैन एडवोकेट दयासागर बिष्ट, चेयरपर्सन ऋचा बिष्ट, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर राजेश बिष्ट, डायरेक्टर अकडेमिक्स अंजू भट्ट, प्रधानाचार्या संतोष पांडे और अभिभावकों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। पूरे विद्यालय परिसर में खुशी और उत्सव का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी माताओं के सम्मान में सुंदर गीत और आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किए। बच्चों की प्रस्तुतियों ने सभी उपस्थित लोगों का दिल जीत लिया।
छात्रों ने अपनी कला और भावनाओं के माध्यम से मां के प्रति प्रेम और सम्मान व्यक्त किया, जिसे देखकर अभिभावक भावुक भी नजर आए।
मदर्स डे समारोह में माताओं के लिए कई रोचक प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। इनमें पॉट डिजाइनिंग, ऐपण मेकिंग, डांस और रैम्प वॉक जैसी गतिविधियाँ शामिल थीं।
सभी माताओं ने पूरे उत्साह के साथ इन प्रतियोगिताओं में भाग लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम ने माताओं को एक नया मंच प्रदान किया, जहाँ वे खुलकर अपनी रचनात्मकता दिखा सकीं।
विद्यालय प्रबंधन की ओर से प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाली सभी माताओं को उपहार देकर सम्मानित किया गया। इससे अभिभावकों में खुशी और उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि मां और बच्चों के बीच भावनात्मक रिश्ते को और मजबूत बनाना भी था।
प्रधानाचार्या संतोष पांडे ने अपने संबोधन में कहा कि मां का स्थान जीवन में सबसे ऊँचा होता है। उन्होंने बताया कि मां का प्रेम, त्याग और समर्पण अमूल्य होता है, जिसे शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने सभी माताओं को मदर्स डे की शुभकामनाएँ देते हुए उनके योगदान की सराहना की।
डायरेक्टर अकडेमिक्स अंजू भट्ट ने भी सभी प्रतिभागियों की प्रशंसा की और कहा कि ऐसी गतिविधियाँ माताओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देती हैं। उन्होंने कहा कि मां के संस्कार और प्रेम से ही समाज मजबूत बनता है। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक, स्टाफ सदस्य और अभिभावक उपस्थित रहे तथा सभी ने इस आयोजन का भरपूर आनंद लिया।
