"नैनीताल - गायब नैनीताल जिला पंचायत सदस्य आये सामने, अपने किडनैप की कहानी को बताया झूठा"
नैनीताल - (निधि अधिकारी) जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव के दौरान नाटकीय घटनाक्रम में गायब हुए पांच जिला पंचायत सदस्यों ने एक वीडियो जारी कर खुद को सुरक्षित बताया है। 14 अगस्त की सुबह नैनीताल में जिला पंचायत कार्यालय के पास से इन सदस्यों को कथित तौर पर जबरन उठा लिया गया था, जिसके बाद उनके अपहरण की आशंका जताई जा रही थी।
वीडियो में सभी पांच सदस्य, जिनमें दीगर मेवाड़ी, विपिन जंतवाल, दीपक बिष्ट, तरुण शर्मा और प्रमोद कोटलिया शामिल हैं, ने कहा कि वे अपनी मर्जी से घूमने गए थे और उनके अपहरण की खबरें झूठी हैं। उन्होंने मीडिया और अन्य माध्यमों पर चल रही खबरों को दुष्प्रचार बताया। सभी सदस्यों ने अपने परिवारों से भी चिंता न करने की अपील की है।
इस वीडियो के सामने आने से पुलिस ने राहत की सांस ली है, क्योंकि कांग्रेस द्वारा इस घटना के विरोध में धरना प्रदर्शन किया जा रहा था। पुलिस ने आज रात तक इन सदस्यों को उनके घर पहुंचाने का वादा किया है। इसके अलावा, सभी सदस्यों के एफिडेविट भी कोर्ट में प्रस्तुत किए जा चुके हैं, जो उनके सुरक्षित होने और स्वेच्छा से बाहर जाने की बात की पुष्टि करते हैं।
