Uttarakhand Snowfall - बर्फ से लद गई पहाड़ियां, नैनीताल, पहाड़पानी से लेकर मसूरी, औली तक सफ़ेद हो गए पहाड़

Snowfall In Uttarakhand - उत्तराखंड में आज मौसम ने करवट बदली है पहाड़ों में जमकर बर्फ़बारी से मैदान तक ठंड में इजाफा हो गया। जिसके बाद अब कड़ाके की ठंड पड़ रही है। आज मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से अलर्ट भी जारी किया गया है। नैनीताल से लेकर औली, चकराता और मसूरी में बर्फबारी हुई। जिससे यहां की वादियां बर्फ की सफेद चादर में लिपट गई हैं। वहीं, पैदल रास्तों और खेत खलियानों में बर्फ जम गई है। नैनीताल में इस वर्ष का पहला हिमपात हुआ। इधर मुक्तेश्वर, पहाड़पानी और धानाचूली में जमकर बर्फ़बारी हुई है। बदरीनाथ, केदारनाथ धाम, हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी, औली, गौरसों बुग्याल के साथ ही ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। औली में भी बर्फबारी के बाद भारी मात्रा में बर्फ जमी है।

पिछले दिनों बर्फबारी के बाद पर्यटकों ने औली का रुख करना शुरू किया। औली के सभी होटल, लॉज भरे हुए हैं। वहीं, आज फिर से बर्फबारी होने से पर्यटकों की भीड़ उमड़ सकती है। चकराता में भी आज बर्फबारी हुई है। बर्फबारी के बाद जमीन पर कई इंच मोटी बर्फ की चादर जम गई है। नैनीताल शहर में इस वर्ष का पहला और सर्द मौसम का दूसरा हिमपात हो गया है। सुबह जब लोगों की नींद खुली तो ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ नजर आई।

पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी स्थानीय किसानों की फसलों और फलों के लिए बेहद लाभदायक साबित हुई है। रविवार की सुबह मुक्तेश्वर, धानाचूली, पहाड़पानी, रामगढ़, कसियालेख, मनाघेर, चोरलेख क्षेत्र की पहाड़ियां और खेत बर्फ के सफेद चादरों से घिरे नजर आए। वहीं, आज मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिले में कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। जबकि, देहरादून समेत नैनीताल, टिहरी, हरिद्वार, पौड़ी और चम्पावत में बिजली चमकने के साथ तेज गर्जन होने की संभावना है।