उत्तराखंड - 18 वीं सालगिरह की सुबह बुझी जिंदगी, योग प्रशिक्षिका और उक्रांद नगर अध्यक्ष की पत्नी ने आत्मदाह किया, हुई मौत

 | 
उत्तराखंड - 18 वीं सालगिरह की सुबह बुझी जिंदगी, योग प्रशिक्षिका और उक्रांद नगर अध्यक्ष की पत्नी ने आत्मदाह किया, हुई मौत

अल्मोड़ा - उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) के महानगर अध्यक्ष मोहित साह की पत्नी लता साह (37) की सोमवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में जलने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उन्होंने घर में खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। गंभीर अवस्था में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना सोमवार सुबह की है। जानकारी के अनुसार मोहित साह अपने 13 वर्षीय पुत्र को स्कूल छोड़ने गए थे। इसी दौरान लता साह ने कथित रूप से किचन का दरवाजा बंद कर अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। धुआं उठता देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दरवाजा-खिड़की तोड़कर उन्हें बाहर निकाला। तुरंत बेस अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुकी थीं।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। कोतवाल योगेश चंद्र उपाध्याय ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है। अभी तक किसी प्रकार की तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।

बताया जा रहा है कि लता साह मासी महाविद्यालय में योग प्रशिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं। परिजनों के अनुसार वह कुछ समय से तनाव में थीं। करीब 15–25 दिन पहले भी उन्होंने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या का प्रयास किया था, लेकिन समय रहते उपचार मिलने से उनकी जान बच गई थी।

सोमवार को ही दंपती की शादी की 18वीं सालगिरह थी। घर में समारोह की तैयारियां चल रही थीं, केक भी मंगाया गया था। खुशियों के बीच घटी इस घटना से परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर है। पति और पुत्र का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

WhatsApp Group Join Now