कोटाबाग -‘’गाइड में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए हिमानी गर्जोला को मिला राष्ट्रपति सम्मान‘’
कोटाबाग - ( जिया सती ) उत्तराखंड के नैनीताल जनपद स्थित पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, कोटाबाग की छात्रा हिमानी गर्जोला को स्काउट-गाइड की सर्वोच्च राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित किया गया। हिमानी ने यह प्रतिष्ठित पुरस्कार 31 अगस्त 2025 को हरियाणा के गदपुरी, पलवल स्थित नेशनल यूथ कॉम्प्लेक्स में आयोजित राष्ट्रपति रैली के दौरान प्राप्त किया। इस दौरान उन्हें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हस्ताक्षरयुक्त प्रमाण पत्र भी प्रदान किया गया।
हिमानी ने कक्षा 6 में प्रवेश लिया था और उसी वर्ष श्रीमती अनुराधा पांडेय के निर्देशन में गाइड कंपनी में शामिल हुईं। उन्होंने प्रथम सोपान से लेकर तृतीय सोपान तक सभी परीक्षाएं उत्तीर्ण कीं। इसके बाद राज्य पुरस्कार प्राप्त किया और फिर राष्ट्रपति पुरस्कार परीक्षा की तैयारी में जुट गईं। हिमानी ने हर चुनौती को पार करते हुए यह मुकाम हासिल किया।
भारत स्काउट-गाइड संस्था केवल प्रमाण पत्र प्राप्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संस्था अनुशासन, चरित्र निर्माण, समाज सेवा, देशभक्ति और नेतृत्व कौशल जैसे महत्वपूर्ण मूल्यों को विकसित करने का अवसर देती है। हिमानी ने न सिर्फ राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त किया, बल्कि कई राष्ट्रीय कार्यक्रमों व जम्बूरी में भी सक्रिय भूमिका निभाई है।
हिमानी की इस उपलब्धि के पीछे उनकी मेहनत के साथ-साथ उनकी मार्गदर्शक गाइड कैप्टन श्रीमती अनुराधा पांडेय का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने हर कदम पर हिमानी का मार्गदर्शन करते हुए उसे इस ऊँचाई तक पहुँचने में मदद की। उनके निर्देशन में हिमानी ने निरंतर प्रगति की और राष्ट्रीय स्तर तक पहुँची।
हिमानी की इस उपलब्धि पर विद्यालय के सभी शिक्षक, प्रशासन और स्काउट-गाइड से जुड़े अधिकारी गर्वित हैं। खंड शिक्षा अधिकारी अंशुल बिष्ट, प्राचार्या विनीता पाठक, प्रादेशिक संगठन आयुक्त बी.एस. बिष्ट, जिला सचिव आर.एस. जीना, ब्लॉक सचिव कमलेश सती तथा गाइड कैप्टन अनुराधा पांडेय सहित सभी ने हिमानी को शुभकामनाएँ दीं और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
