''हल्द्वानी - कार्तिक हर्बोला बने भाजयुमो के प्रदेश मंत्री, मजबूत इरादे से बनाई हैं संगठन में पकड़''
हल्द्वानी -( जिया सती ) भारतीय जनता पार्टी ने नैनीताल जिले के उभरते युवा नेतृत्व को अहम जिम्मेदारी सौंपते हुए कार्तिक हर्बोला को भाजपा युवा मोर्चा का प्रदेश मंत्री नियुक्त किया है। इस निर्णय से संगठन में नई ऊर्जा और उत्साह का माहौल बना है।
उल्लेखनीय है कि कार्तिक हर्बोला अब तक भाजपा युवा मोर्चा नैनीताल के जिलाध्यक्ष के रूप में सक्रिय रहे हैं। उनके नेतृत्व में संगठन ने जमीनी स्तर पर मजबूती हासिल की और युवाओं की सहभागिता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।
जिलाध्यक्ष रहते हुए उन्होंने जनसंपर्क, संगठन विस्तार और युवाओं को जोड़ने के लिए कई प्रभावी कार्यक्रमों का संचालन किया। उनकी कार्यशैली ने पार्टी के भीतर भरोसा और पहचान बनाई।
कार्तिक हर्बोला ने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से की थी। छात्र जीवन से ही वे राष्ट्रवादी विचारधारा और संगठनात्मक गतिविधियों में निरंतर सक्रिय रहे हैं।
उनकी पहचान एक स्पष्ट विचारधारा वाले, कर्मठ और युवाओं के बीच लोकप्रिय नेता के रूप में रही है। संगठन के प्रति निष्ठा, अनुशासन और कार्यकुशलता को देखते हुए शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें प्रदेश स्तर की जिम्मेदारी सौंपी है।
नियुक्ति के बाद कार्तिक हर्बोला ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे पूरी प्रतिबद्धता के साथ युवाओं को भाजपा की विचारधारा से जोड़ने का कार्य करेंगे। उनकी नियुक्ति पर भाजपा पदाधिकारियों, युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
