‘’हल्द्वानी - 1 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य: हार्टफुलनेस रन के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का महाअभियान’’
हल्द्वानी -( जिया सती )16 नवंबर 2025 की सुबह 7:30 बजे हार्टफुलनेस ध्यान केन्द्र, फत्ताबंगर, गोरापड़ाव, हल्द्वानी में “ग्रीन हार्टफुलनेस रन एवं वृक्षारोपण” कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह दौड़ हार्टफुलनैस संस्थान की ओर से पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से विश्वभर में कराई जाती है।
हल्द्वानी में आयोजित यह रन कार्यक्रम का तीसरा संस्करण था। इसका पहला आयोजन वर्ष 2023 में हुआ था, जिसमें 4000 पौधे लगाए गए थे और लगभग 3500 लोग शामिल हुए थे। इस बार भी पूरे भारत में 1 लाख उन्नतशील प्रजातियों के पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
1.5 किलोमीटर की यह दौड़ हार्टफुलनेस मेडिटेशन सेंटर से शुरू होकर सहजपुरम एन्क्लेव तक आयोजित की गई। इसमें छोटे बच्चों से लेकर 93 वर्ष तक के बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बी.एल.एम. एकेडमी, फत्ताबंगर के छात्रों की सक्रिय भागीदारी इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण बनी।
दौड़ समाप्त होने के बाद ध्यान केन्द्र परिसर में आवला और सहजन के पौधे लगाए गए। इस आयोजन से एकत्रित धनराशि का उपयोग देशभर में बंजर भूमि को उपजाऊ बनाने और पुनर्जीवित करने के लिए किया जाएगा। इस वैश्विक दौड़ का मुख्य कार्यक्रम हार्टफुलनेस के प्रमुख केन्द्र कान्हा शांतिवनम, हैदराबाद में संपन्न हुआ।
दौड़ से जुड़ी गतिविधियों के बाद प्रतिभागियों को हार्टफुलनेस रिलैक्सेशन और ध्यान का अनुभव कराया गया, जिससे उन्हें तनाव-मुक्ति और बेहतर जीवन-प्रबंधन की जानकारी मिली। कार्यक्रम के अंत में सभी के लिए जलपान–नाश्ते की व्यवस्था की गई। समापन पर केंद्र के समन्वयक श्री अनिल सिंह बिष्ट ने प्रतिभागियों का धन्यवाद जताया और संचालन श्री विष्णु दत्त उपाध्याय द्वारा किया गया।
