‘’CCSU की अनुमति के बावजूद परीक्षा में बाधा, Lloyd Law College पर गंभीर सवाल’’

 | 
‘’CCSU की अनुमति के बावजूद परीक्षा में बाधा, Lloyd Law College पर गंभीर सवाल’’

ग्रेटर नोएडा -( निधि अधिकारी ) ग्रेटर नोएडा स्थित Lloyd Law College के छात्रों ने कॉलेज प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए परीक्षा में बैठने से रोके जाने की शिकायत उठाई है। प्रथम वर्ष के छात्रों का कहना है कि उनकी सेमेस्टर/वार्षिक परीक्षाएं निकट हैं, लेकिन कॉलेज प्रशासन उन्हें परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं दे रहा है।

छात्रों के अनुसार, Chaudhary Charan Singh University द्वारा एडमिट कार्ड पहले ही जारी किए जा चुके हैं। उनका तर्क है कि जब विश्वविद्यालय ने परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं, तो यह छात्रों की पात्रता और अनुमति को स्पष्ट रूप से दर्शाता है।

इसके बावजूद, कॉलेज प्रशासन एडमिट कार्ड पर आवश्यक स्टैम्प या सत्यापन करने से इनकार कर रहा है। छात्रों का आरोप है कि जानबूझकर ऐसी बाधाएं खड़ी की जा रही हैं, जिससे उन्हें परीक्षा केंद्र में प्रवेश न मिल सके।

मामला तब और गंभीर हो गया जब छात्रों ने उच्च न्यायालय के आदेशों का हवाला दिया। छात्रों का कहना है कि कॉलेज प्रशासन ने इन आदेशों को मानने से यह कहते हुए इंकार कर दिया कि संबंधित आदेश दिल्ली हाईकोर्ट के क्षेत्राधिकार में आते हैं, जबकि संस्थान इलाहाबाद (प्रयागराज) क्षेत्राधिकार में स्थित है।

इस पूरे घटनाक्रम से सैकड़ों छात्रों का भविष्य अधर में लटक गया है। छात्र मानसिक तनाव, असुरक्षा और अनिश्चितता की स्थिति का सामना कर रहे हैं, क्योंकि परीक्षा में शामिल न हो पाने से उनका शैक्षणिक वर्ष प्रभावित हो सकता है।

छात्रों ने संबंधित अधिकारियों और शासन से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि कॉलेज प्रशासन के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए और सभी छात्रों को बिना किसी बाधा के परीक्षा में शामिल होने का अवसर प्रदान किया जाए।

WhatsApp Group Join Now