‘’देहरादून -क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग में ग्राफिक एरा का जलवा, 138वीं रैंक पर कब्जा’’
देहरादून- ( जिया सती ) 7 नवम्बर। ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी ने एक बार फिर उत्तराखंड का नाम शिक्षा जगत में ऊँचाइयों तक पहुँचाया है। दक्षिण एशिया की प्रतिष्ठित क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग में ग्राफिक एरा ने 138वीं रैंक प्राप्त की है, जो विश्वविद्यालय की वैश्विक स्तर पर बढ़ती पहचान का प्रमाण है।
यह उपलब्धि ग्राफिक एरा के लिए इसलिए भी विशेष है क्योंकि कुछ ही समय पहले केंद्र सरकार की एनआईआरएफ रैंकिंग में विश्वविद्यालय ने पूरे देश में 48वीं रैंक हासिल की थी। लगातार छह वर्षों से देश के शीर्ष 100 विश्वविद्यालयों में स्थान पाने के बाद यह नई रैंकिंग संस्था की गुणवत्ता और उत्कृष्टता को और मजबूत करती है।
क्यूएस रैंकिंग में ग्राफिक एरा ने न सिर्फ दक्षिण एशिया में 138वीं, बल्कि पूरे एशिया में 523वीं रैंक हासिल की है। यह परिणाम विश्वविद्यालय के सतत शोध कार्यों, आधुनिक प्रयोगशालाओं और नवाचार-आधारित शिक्षण पद्धतियों का प्रमाण है।
विश्व स्तर पर भी ग्राफिक एरा की प्रतिष्ठा तेजी से बढ़ रही है। टाइम्स हायर एजुकेशन वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग में इसे 601-800 रैंक समूह में स्थान मिला है, जो अंतरराष्ट्रीय शिक्षा मंच पर इसकी सशक्त उपस्थिति को दर्शाता है।
विश्वविद्यालय के छात्रों और शिक्षकों में इस नई सफलता को लेकर अपार उत्साह है। उनका मानना है कि वैश्विक स्तर पर ऐसी रैंकिंग न केवल संस्थान की साख को बढ़ाती हैं, बल्कि छात्रों के भविष्य के अवसरों को भी विस्तारित करती हैं।
ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. कमल घनशाला ने इस सफलता का श्रेय विश्वविद्यालय की अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं, उच्च कोटि की फैकल्टी और मेहनती छात्र-छात्राओं को दिया। उन्होंने कहा कि ग्राफिक एरा हमेशा नई तकनीकों के साथ कदमताल करते हुए शिक्षा को उपयोगी और उद्योगोन्मुखी बनाता है।
डॉ. घनशाला के अनुसार, टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में निरंतर बदलावों को अपनाना ही ग्राफिक एरा की सबसे बड़ी ताकत है। इसी दृष्टिकोण के कारण विश्वविद्यालय के छात्रों को देश-विदेश की अग्रणी कंपनियों में उत्कृष्ट प्लेसमेंट प्राप्त हो रहे हैं।
आज ग्राफिक एरा के छात्र अमेजॉन, माइक्रोसॉफ्ट, एडोबी, डीई शॉ, वीज़ा, पेपाल, मिंत्रा, जेपी मॉर्गन, गोल्डमैन सैक्स, इंफोसिस, टीसीएस, अदानी विलमर और यामाहा जैसी 175 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों में कार्यरत हैं। यह सफलता विश्वविद्यालय की गुणवत्ता, नवाचार और उत्कृष्ट शिक्षण प्रणाली का प्रत्यक्ष परिणाम है।
