''हल्द्वानी-UOU में महिला दिवस पर लगा जागरूकता शिवर, जानिए कैसे रह सकती हैं महिलाएं तंदुरुस्त''

हल्द्वानी - ( जिया सती ) उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के महिला प्रकोष्ठ ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर विभिन्न स्थानों पर महिलाओं को जागरूक किया। आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों को स्वास्थ्य और पोषण संबंधी जानकारी दी गई। योग के माध्यम से भी महिलाओं को जागरूक किया गया। नैब की दस बालिकाओं को विश्वविद्यालय द्वारा सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण और जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए आयोजित किया गया था।

गृह विज्ञान विभाग के शिक्षकों ने आंगनवाड़ी केंद्र में जाकर महिलाओं और बच्चों को स्वास्थ्य और पोषण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्हें टीकाकरण, स्वच्छता, एनीमिया, गर्भावस्था के दौरान देखरेख, पौष्टिक आहार, स्तनपान और संतुलित आहार के बारे में बताया गया। इसके साथ ही उन्हें अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के महत्व के बारे में भी बताया गया।

विश्वविद्यालय की टीम ने नैब संस्थान में दस बालिकाओं को उत्कृष्ट काम के लिए सम्मानित किया और दृष्टिबाधित व श्रवणबाधित महिला कार्यकर्ता हेलन केलर के बारे में बच्चों को बताया। एक अन्य टीम ने लछमुपुर नया गांव में महिलाओं के लिए योग शिविर का आयोजन किया, जहां उन्हें विभिन्न शारीरिक रोगों के निदान के लिए योग आसनों और प्राणायामों के बारे में बताया गया।
इन सभी कार्यक्रमों में प्रोफेसर रेनू प्रकाश, डा. प्रीति बोरा, दीपिका वर्मा, मोनिका दिवेदी भावना धौनी, डा. नीता देवलिया, दीक्षा बिष्ट, नमिता वर्मा, रुचि तिवारी, शैलजा, डॉ० ज्योति जोशी, डॉ० पूजा भट्ट, देवलचौड़ ग्रामीण की पूर्व सरपंच श्रीमती भागीरथी, आंगनबाड़ी केंद्र की प्रभारी श्रीमती गीता देवी और सहायिका श्रीमती आशा नेगी, श्री अब्दुल रहीम आदि मौजूद रहे।