हल्द्वानी- ठेके से ड्राइवर- कंडक्टर की भर्ती कराने पर उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन आगबबूला, दी बड़ी चेतावनी 
 

 | 

हल्द्वानी - उत्तराखंड परिवहन विभाग में एजेंसी के माध्यम से हो रही ड्राइवर और कंडक्टर की भर्ती के खिलाफ उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन ने मोर्चा खोल दिया है। हल्द्वानी रोडवेज परिसर में यूनियन की बैठक के दौरान कर्मचारी नेताओं ने राज्य सरकार और निगम प्रबंधन के फैसले के खिलाफ रणनीति तैयार की। यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष कमल पपनै ने कहा कि पहले भी निगम प्रबंधन ने ठेका प्रथा लागू की थी जिसके विरोध के बाद साल 2013 में हाईकोर्ट के निर्णय के बाद बंद किया गया था। अब निगम प्रबंधन और राज्य सरकार 700 से अधिक ड्राइवर और कंडक्टर के पदों पर एजेंसी के माध्यम से भर्ती करा रहा है।

 

मंडल अध्यक्ष (कुमाऊं) एलडी पालीवाल ने कहा है कि रोडवेज में पहले से 3500 से अधिक कर्मचारी विशेष श्रेणी और संविदा में परिवहन निगम में कार्यरत हैं। निगम प्रबंधन और सरकार को पहले उनको स्थाई नौकरी देनी चाहिए, उसके बाद ही अगर कोई भर्ती निकालनी है तो भर्ती निकाली जाए। यूनियन ने चेताया कि यदि सरकार ऐसा नहीं करती है तो आने वाले 31 अगस्त को काली पट्टी बांधकर सांकेतिक बहिष्कार किया जाएगा और फिर भी एजेंसी से भर्ती को निरस्त नहीं किया गया तो एक और दो सितंबर को पूरे प्रदेश में रोडवेज कर्मचारी कार्य बहिष्कार कर बसों के पहिए जाम कर देंगे.

परिवहन निगम आउटसोर्सिंग एजेंसी के माध्यम से यह भर्तियां करेगा। इसके लिए रुड़की की शहजाद अहमद की प्राइवेट एजेंसी एमकेएसएसएसएस MKSSSS को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

WhatsApp Group Join Now