Uttarakhand Bus Accident Update - बस खाई में गिरने से 25 लोगों की मौत कई गंभीर, राष्ट्रपति- प्रधानमंत्री ने जताया दु:ख 
 

पौड़ी गढ़वाल जिले के बीरोंखाल इलाके में कोटद्वार-रिखणीखाल-बीरोंखाल मार्ग पर सिमड़ी के पास बरातियों से भरी एक बस (Pauri Bus Accident Update) अनियंत्रित होकर पूर्वी नयार नदी की घाटी में गिर गई। हादसे में 25 लोगों की मौत हो गई है।

 | 

Uttarakhand Bus Accident Update - उत्तराखंड में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। मंगलवार का दिन अमंगल लेकर आया। पौड़ी गढ़वाल जिले के बीरोंखाल इलाके में  बरातियों से भरी बस खाई में गिर गई। डीजीपी अशोक कुमार के अनुसार अब तक खाई से 25 शव बरामद किए जा चुके हैं। बस में करीब 45- 50 लोग सवार थे। बस दुर्घटना में 25 लोगों की मृत्यु हो गई है। पुलिस और SDRF ने बचाव अभियान चलाकर 21 लोगों को बचाया है।

घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है जहाँ कई लोगों की स्तिथि गंभीर बनी हुई है। जानकारी के अनुसार, कोटद्वार-रिखणीखाल-बीरोंखाल मार्ग पर सिमड़ी के पास बरातियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पूर्वी नयार नदी की घाटी में जा गिरी। हादसा मंगलवार देर शाम सात बजे का है। बस में 45 से अधिक बराती सवार थे। रातभर पुलिस और SDRF ने बचाव अभियान चलाया।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने घटना पर दुख जताया -

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने घटना पर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि पौड़ी गढ़वाल, उत्तराखंड में बस के घाटी में गिरने पर कई लोगों के हताहत होने की दुर्घटना से दुखी हूं। इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी गहरी शोक-संवेदनाएं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।


पीएम मोदी ने कहा बस हादसा दिल दहला देने वाला -

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने पौड़ी बस हादसे पर दुख व्‍यक्‍त किया है। उन्‍होंने इस संबंध में ट्वीट कर अपनी संवेदना प्रकट की है। उन्‍होंने लिखा कि उत्तराखंड के पौड़ी में हुआ बस हादसा दिल दहला देने वाला है। इस दुखद घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मुझे उम्मीद है कि जो लोग घायल हुए हैं वे जल्द से जल्द ठीक हो जाएं। बचाव कार्य जारी है। प्रभावितों को हर संभव मदद मुहैया कराई जाएगी।


सीएम ने आपदा परिचालन केंद्र में संभाला मोर्चा - 
दुर्घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रात में ही राज्य सचिवालय स्थित राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र पहुंचे। उन्होंने वहां तैनात अधिकारियों से दुर्घटना के बारे में जानकारी ली। पौड़ी के जिलाधिकारी से फोन पर बात की और उन्हें पूरी सतर्कता के साथ राहत एवं बचा करने के निर्देश दिए। वहीं, सीएम धामी आज बीरोंखाल घटनास्थल पर जाएंगे।


मैं खुद सभी से बात कर रहा हूं
पौड़ी जिले में बस दुर्घटना की सूचना मिली है। यह बहुत दुखद घटना है। लगभग 45 लोग बस में सवार थे। बस गहरी खाई में गिर गई है। वहां के अधिकारियों से मैंने बात की है। मैं खुद सभी से बात कर रहा हूं कि जल्द से जल्द बाचव कार्य  शुरू किया जाए। हमारा प्रयास है कि हर संभव मदद की जाए।
पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री

रेस्क्यू करती एसडीआरएफ की टीमें - 
राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीमें घटनास्थल पर रेस्क्यू में जुटी हैं।