हरिद्वार - श्री पंचायती निर्मल अखाड़ा संतों के दो गुटों में हाथापाई, साधुओं के बीच ये क्या हुआ 
 

 | 

हरिद्वार - जिले के कनखल स्थित श्री पंचायती अखाड़ा निर्मल में अखाड़े पर कब्जे और अध्यक्ष पद लेकर श्रीमहंत ज्ञानदेव सिंह और श्रीमहंत रेशम सिंह के गुटों के बीच हाथापाई हुई। श्री पंचायती निर्मल अखाड़ा में दो गुटों के बीच लंबे समय से चल रहे संपत्ति विवाद में गुरुवार की सुबह पंजाब से आया दूसरा गुट अखाड़े में घुस गया। बाद में हरकत में पुलिस आई और पंजाब से आए संतो को उठाकर बाहर निकाला। यह विवाद लंबे समय से चल रहा है और न्यायालय में लंबित है। हंगामे की सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए।


पुलिस-प्रशासन घंटों तक संतों को अखाड़े से बाहर जाने के लिए अनुरोध करते रहे। लेकिन संत अखाड़े पर अपना अधिकार बताते हुए बाहर जाने के लिए तैयार नहीं हुए। इसके बाद दूसरे गुट के मुखिया प्रेम सिंह को पुलिस फोर्स ने उठाकर हिरासत में ले लिया। जबकि गुट के अन्य लोग अभी अखाड़े में ही मौजूद हैं। जिन्हें पुलिस मौके से जाने के लिए कह रही है। इस गुट के जगतार सिंह को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। 

पुलिस और पीएसी है तैनात- 
सीओ सिटी मनोज ठाकुर ने बताया कि एहतियात के तौर पर पुलिस और पीएसी तैनात की गई है, ताकि शांति व्यवस्था ना बिगड़े। आला अधिकारियों को इस मामले की सूचना दे दी गई है। संतों से बातचीत भी की जा रही है। मौके पर सिटी मजिस्ट्रेट अवधेश कुमार सिंह सीओ सिटी मनोज कुमार ठाकुर, नगर कोतवाल राकेन्द्र सिंह कठैत, कनखल एसओ मुकेश सिंह चौहान सहित आसपास के थानों की पुलिस फोर्स तैनात है।