‘’नई दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास कार में धमाका 8 लोगो की मौत, कई घायल ‘’

 | 
‘’नई दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास कार में धमाका 8 लोगो की मौत, कई घायल ‘’

नई दिल्ली - ( जिया सती ) दिल्ली में सोमवार शाम को लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास एक कार में हुए भीषण धमाके से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास खड़ी कई गाड़ियां आग की चपेट में आ गईं। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार धमाके के बाद चारों ओर धुआं फैल गया और लोग जान बचाने के लिए भागने लगे।

इस हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को तुरंत लोक नायक जय प्रकाश (LNJP) अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। अस्पताल प्रशासन ने आपात स्थिति की घोषणा कर दी है और अतिरिक्त डॉक्टरों को ड्यूटी पर बुला लिया गया है।

धमाके की सूचना मिलते ही दिल्ली अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के लिए सात फायर टेंडर लगाए गए। आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी क्योंकि पास की अन्य गाड़ियों में भी आग फैल चुकी थी। पुलिस और सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और लोगों की आवाजाही रोक दी गई है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और अन्य सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुट गई हैं। चूंकि यह इलाका लाल किला और कई सरकारी कार्यालयों के नजदीक है, इसलिए सुरक्षा को और सख्त कर दिया गया है। फिलहाल धमाके के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन शुरुआती जांच में इसे संदिग्ध माना जा रहा है।

WhatsApp Group Join Now