मध्य प्रदेश: यात्रियों से भरी बस गहरी नहर में गिरी, 25 शव मिले, रेस्क्यू जारी, 45 की हो सकती है मौत
न्यूज टुडे नेटवर्क। मध्यप्रदेश में एक यात्रियों से भरी बस बड़ी नहर में गिर गई। हादसे में लगभ 45 लोगों से ज्यादा लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है। मध्यप्रदेश के सीधी जिले में यात्रियों से भरी बस नहर में गिर गई। अभी तक 25 शवों को नहर से बाहर निकाला जा चुका है। सात यात्रियों को बचा लिया गया है बताया जा रहा है कि बस का ड्राईवर तैरकर जान बचा सका है। मंगलवार सुबह दिल दहला देने वाले इस हादसे सभी स्तब्ध हैं। मौके पर आला अफसरों के साथ एलनडीआरएफ औ एसडीआरएफ के जवान रेस्क्यू कर रहे हैं। सिविल पुलिस को भी भारी संख्या में तैनात किया गया है। हादसे के कारणों का पता नहीं चल सका है बचाव अभियान जारी है। बस में कुल 54 यात्री सवार थे।
अधिकारियों ने आशंका जाहिर की है कि मृतकों की संख्या 45 से ज्यादा हो सकती है। सुबह 11.45 बजे क्रेन की मदद से बस को बाहर निकाल लिया गया। कुछ शव बह गए हैं। एएसपी अंजुलता पटले ने बताया 25 शव निकाले जा चुके हैं। शेष सभी यात्रियों की मौत की आशंका है। हादसा रामपुर के नैकिन इलाके में सुबह करीब साढ़े सात बजे हुआ है। बस सीधी से सतना जा रही थी।
पुलिस के मुताबिक, बस की क्षमता 32 सवारियों की थी, लेकिन इसमें 54 यात्री भर लिए गए थे। सीधी मार्ग पर छुहिया घाटी से होकर बस को सतना जाना था, लेकिन यहां जाम की वजह से ड्राइवर ने रूट बदल दिया। वह नहर के किनारे से बस ले जा रहा था। यह रास्ता काफी संकरा था और इसी दौरान ड्राइवर ने संतुलन खो दिया। झांसी से रांची के जाने वाला हाईवे सतना, रीवा, सीधी और सिंगरौली होते हुए जाता है। यहां जगह-जगह सड़क खराब और अधूरी है। इस वजह से यहां आए दिन जाम की स्थिति रहती है।
SDRF की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गई है। बस को क्रेन से बाहर निकाला जा रहा है। गोताखोर भी वहां मौजूद हैं। नहर में पानी का बहाव तेज होने की वजह से रेस्क्यू टीम जलस्तर कम होने का इंतजार कर रही थी। आशंका है कि तेज बहाव के चलते लोग घटना स्थल से काफी दूर बह गए होंगे। ऐहतियातन बाणसागर डैम से नहर का पानी रोक दिया गया है। नहर का जलस्तर कम करने के लिए इसके पानी को सिहावल नहर में भेजा जा रहा है।