ग्वालियर के उद्भव उत्सव में जुटेंगे कई प्रांतों सहित कई देशों के कलाकार

ग्वालियर, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। देश और दुनिया की सांस्कृतिक गतिविधियों का समागम होगा ग्वालियर में। यहां 29 अक्टूबर से उद्भव उत्सव-2022 शुरू हो रहा है, जिसमें देश के कई प्रांतों के साथ कई देशों के सांस्कृतिक दल भी हिस्सा लेंगे।
 | 
ग्वालियर के उद्भव उत्सव में जुटेंगे कई प्रांतों सहित कई देशों के कलाकार ग्वालियर, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। देश और दुनिया की सांस्कृतिक गतिविधियों का समागम होगा ग्वालियर में। यहां 29 अक्टूबर से उद्भव उत्सव-2022 शुरू हो रहा है, जिसमें देश के कई प्रांतों के साथ कई देशों के सांस्कृतिक दल भी हिस्सा लेंगे।

सांस्कृतिक गतिविधियों में अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर भारतीय संस्कृति की संवाहक बनी संस्था उद्भव सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा संस्थान के अध्यक्ष अध्यक्ष डॉ. केशव पाण्डेय एवं किरण भदौरिया ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि, 29 अक्टूबर से दो नवम्बर तक होने वाले इस उत्सव की ताइवान पार्टनर कन्ट्री होगी। शुभारम्भ समारोह में ताईवान के भारत में प्रतिनिधि (राजदूत) बाओशुआन गेर शामिल होंगे। इस वर्ष ताइवान, उजबेकिस्तान, किर्गिस्तान एवं श्रीलंका के दलों के साथ जम्मू काश्मीर, असम, महाराष्ट्र, उत्तरप्रदेश, हरियाणा, छत्तीसगढ, राजस्थान एवं मध्यप्रदेश के 1000 से अधिक कलाकार ग्वालियर के विभिन्न स्टेजों पर चैम्पियनशिप ट्राफी जीतने के लिये शानदार प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम जीवाजी विश्वविद्यालय एवं सिंधिया कन्या विद्यालय के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।

उदभव के अध्यक्ष डॉ. पाण्डेय ने बताया कि अन्तर्राष्ट्रीय नृत्य महोत्सव उद्भव उत्सव का यह 17वां वर्ष है। विगत वर्षो में ग्रीस, इटली, स्पेन, रूस, स्लोवाकिया, फ्रांस, टर्की, रशिया, बुल्गारिया, साउथ कोरिया, किर्गिस्तान, अजरबैंजान, रिपब्लिक ऑफ यकुटिया, चीन, यूक्रेन, इजिप्ट, इण्डोनेशिया, थाईलैण्ड, बंगलादेश, श्रीलंका आदि देशों के कलाकार अपनी बेहतरीन प्रस्तुतियां उद्भव उत्सव के अन्तर्गत ग्वालियर में दे चुके हैं।

उद्भव के सचिव दीपक तोमर ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि अन्तर्राष्ट्रीय नृत्य एवं संगीत महोत्सव उद्भव उत्सव-2022 का शुभारम्भ 29 अक्टूबर को होगा, जिसमें भव्य कार्निवल निकाला जायेगा, जहां विभिन्न देशों के प्रतिभागी एवं देश के विभिन्न प्रान्तों से आये प्रतिभागी पारम्परिक परिधानों में नृत्य करते हुये चलेंगे। कार्यक्रम को भव्य स्वरूप प्रदान करने हेतु इस वर्ष ग्रीनवुड उदभव उत्सव में समूह नृत्य प्रतियोगिताओं एवं प्रदर्शन के साथ-साथ एकल नृत्य एवं इन्स्ट्रूमेंटल म्युजिक ग्रुप प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जा रहा है। एकल नृत्य क्लासिकल, एवं सेमी क्लासिकल केटेगरी में आयोजित किया जायेगा।

उन्होंने आगे बताया कि स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर उद्भव इस लम्बी यात्रा के दस्तावेज के तौर पर ग्वालियर-टू-रोम नामक पुस्तक भी प्रकाशित कर रहा है, जिसमें 25 वर्षो की सम्पूर्ण यात्रा का चित्रण किया गया है कि किस प्रकार ग्वालियर से निकल कर 45 विदेश यात्राओं एवं दुनिया के 80 देशों में सांस्कृतिक सम्बन्ध स्थापित कर भारतीय संस्कृति का परचम फहराया है।

--आईएएनएस

एसएनपी/एएनएम