न्यूज टुडे नेटवर्क, बरेली। सेंट्रल जेल (CENTRAL JAIL BAREILLY) की 20 फिट ऊंची दीवार सरिया के सहारे चढ़कर बिजनौर निवासी एक सजायाफ्ता कैदी सोमवार सुबह करीब 6 बजे कोहरे का फायदा उठाकर फरार हो गया था। सोमवार रात ही उसे चेकिंग के दौरान बिजनौर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उस पर बरेली पुलिस ने 50 हजार का इनाम भी रखा हुआ था। हत्या और रेप जैसे संगीन मामले में वह सजा काट रहा था। आरोपी को बरेली लाया जा रहा है।
कैदी बिजनौर (BIJNAUR) जिले के कीरतपुर थाने के रायपुर मौजज्म गांव का रहने वाला है। उसका नाम नर पाल उर्फ सोनू पुत्र रमेश चंद्र (36) है। उसने 2009 में बच्ची से दुष्कर्म के बाद उसकी गला घोटकर हत्या कर दी थी। कोर्ट ने उसे आरोप सही होने के बाद आजीवन कैद की सजा 2012 में सुनाई थी। उसे बिजनौर जेल से प्रशासनिक आधार पर सेंट्रल जेल ट्रांसफर किया गया था। कैदी के अच्छे आचरण की वजह से उसे नंबरदार कैदी बनाया गया था।
इस तरह पकड़ में आया
आरोपी जेल से भागने के बाद बिजनौर में नंगे पैर जा रहा था। इधर, कैदी भागने की सूचना पर बिजनौर पुलिस अलर्ट पर थी। चेकिंग के दौरान जब वह मौके पर पहुंचा तो पुलिसकर्मियों ने उससे पूछताछ की तो बोला कि वह मजदूर है। नाम, पता पूछने पर जब उसने नरपाल और गांव का नाम रायपुर मौजज्म बताया। इसके बाद ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
इस तरह भागा था
जेल सूत्रों के मुताबिक गोदाम में निर्माण सामग्री रखी थी। उसमें सरिया भी थी। सरिया को निकालकर दीवार के सहारे वह कूदकर फरार हो गया। सूचना के बाद सेंट्रल जेल के वरिष्ठ अधीक्षक जेएन पांडेय मौके पर पहुंचे। जांच-पड़ताल के बाद बरेली एसएसपी रोहित सिंह सजवाण को मामले की जानकारी दी।
एडीजी ने किया था पूरे जोन में हाई अलर्ट
एडीजी अविनाश चंद्र को भी अवगत कराया गया। एडीजी ने पूरे जोन में हाई अलर्ट कर दिया है। सभी थानों की पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई। इधर, सेंट्रल जेल अधीक्षक ने डिप्टी जेलर हेड बंदी रक्षक समेत कई पुलिस कर्मियों पर मामले की जांच भी बैठा दी है।