दुनिया के समक्ष परमाणु खतरा गहराया : अध्यक्ष, संयुक्त राष्ट्र महासभा

संयुक्त राष्ट्र, 10 नवंबर (आईएएनएस)। संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष साबा कोरोसी ने चेतावनी दी है कि दुनिया दशकों बाद इस समय बहुत गंभीर रूप से परमाणु खतरे का सामना कर रही है।
 | 
दुनिया के समक्ष परमाणु खतरा गहराया : अध्यक्ष, संयुक्त राष्ट्र महासभा संयुक्त राष्ट्र, 10 नवंबर (आईएएनएस)। संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष साबा कोरोसी ने चेतावनी दी है कि दुनिया दशकों बाद इस समय बहुत गंभीर रूप से परमाणु खतरे का सामना कर रही है।

समाचार एजेंसी शिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार 2021 के लिए आईएईए की पिोर्ट पर महासभा की बैठक में टिप्पणी करते हुए कोरोसी ने बुधवार को सदस्य देशों से परमाणु सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संयुक्त राष्ट्र के साथ सहयोग करने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि वर्तमान घटनाक्रम की प्रवृत्ति भयावह है। इस समय दुनिया दशकों बाद इतने गंभीर रूप से परमाणु प्रसार और परमाणु तबाही के खतरे का सामना कर रही है।

उन्होंने कहा कि यूक्रेन में जारी संघर्ष ने इस चिंता को बढ़ा दिया है, इससे वैश्विक ऊर्जा संकट भी उत्पन्न हो रहा है और कीमतें भी बढ़ रही हैं।

कोरोसी ने कहा कि परमाणु खतरे को रोकने के लिए यूक्रेन के जापोरिज्जिया में एक आईएईए मिशन वहां के परमाणु ऊर्जा संयंत्र की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चौबीसों घंटे काम कर रहा है।

उन्होंने कहा, हम यूक्रेन और उसके बाहर परमाणु सुरक्षा को खतरे में डालने की अनुमति नहीं दे सकते हैं।

कोरोसी ने सभी पक्षों से परमाणु सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आईएईए के साथ सहयोग करने का आग्रह किया और परमाणु मुद्दों के बारे में आईएईए द्वारा प्रदान की जाने वाली जानकारी के महत्व को दोहराया।

उन्होंने कहा कि परमाणु अप्रसार की व्यवस्था को खत्म करने के कदम बहुत खतरनाक हैं, यह शांति और सुरक्षा के लिए एक बड़ा खतरा है।

कोरोसी ने कहा कि जैसे-जैसे अधिकतर देश अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए परमाणु ऊर्जा की ओर रुख करते हैं, तो परमाणु प्रौद्योगिकियों को सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से इस्तेमाल करने के लिए आईएईए की जिम्मेदारी बढ़ गई है।

-- आईएएनएस

सीबीटी