किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे : नीतीश

पटना, 21 फरवरी (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को कहा कि किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि फसलों का उत्पादन बढ़ा है।
 | 
पटना, 21 फरवरी (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को कहा कि किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि फसलों का उत्पादन बढ़ा है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पटना में चतुर्थ कृषि रोड मैप को लेकर आयोजित किसान समागम को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार में कृषि के विकास के लिए कृषि रोडमैप बनाया गया।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2008 में पहले कृषि रोडमैप पर काम शुरू हुआ। इस कृषि रोडमैप पर काम चार साल चला, इसके बाद वर्ष 2012- 2017 तक दूसरे कृषि रोडमैप और फिर वर्ष 2017 से लेकर इस वर्ष मार्च तक तीसरे कृषि रोडमैप पर काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि हमलोगों ने तय किया कि एक और कृषि रोडमैप यानी चौथा कृषि रोड मैप बनाकर उस पर आगे काम करेंगे।

मुख्यमंत्री ने दावा करते हुए कहा कि फसलों का उत्पादन बढ़ा है। बिहार में मक्का का उत्पादन प्रति हेक्टेयर 27.39 क्विंटल से बढ़कर 52.36 क्विंटल हो गया है। गेहूं का उत्पादन प्रति हेक्टेयर 23.25 क्विंटल से बढ़कर 30. 78 क्विंटल हो गया है। इसी तरह धान का उत्पादन प्रति हेक्टेयर 12.37 क्विंटल से बढ़कर 24.96 क्विंटल हो गया है।

उन्होंने कहा, बिहार में पहले सिर्फ 2.88 लाख मीट्रिक टन मत्स्य उत्पादन होता था, हमलोगों का लक्ष्य इसे बढ़ाकर 8 लाख मीट्रिक टन करने का है।

मुख्यमंत्री ने कहा, किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए हम लगातार प्रयासरत हैं। हम चाहते हैं कि देश का हर आदमी बिहार में उत्पादित कोई न कोई चीज खाए।

उन्होंने कहा कि सरकार महंगी बिजली खरीदकर किसानों को सस्ते दर पर दे रही है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि मुफ्त में बिजली की मांग नहीं करनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मार्च तक कृषि रोडमैप बनकर तैयार हो जाएगा। पिछले बार की तरह ही इस रोडमैप का शुभारंभ राष्ट्रपति से कराएंगे।

कार्यक्रम को उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव, कृषि मंत्री कुमार सर्वजीत ने भी संबोधित किया।

किसान समागम में 5000 किसान शामिल हुए, जिसमें 22 किसानों ने अपने-अपने सुझाव रखे।

--आईएएनएस

एमएनपी/एसजीके