बरेली::प्लाई फैक्ट्री में ड्यूटी कर रहे थे दो गार्ड, एक की मिली लाश, एक अस्पताल में भर्ती, जानिए क्या हुआ उस रात

न्यूज टुडे नेटवर्क। फरीदपुर की प्लाईवुड फैक्ट्री में ड्यूटी कर रहे दो गार्ड अचानक बेहोश हो गए। उनके मुंह से झाग निकलने लगा। कर्मचारियों ने उन्हें तड़पते देखा तो तत्काल एम्बुलेंस से अस्पताल लेकर पहुंचे जहां एक को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, दूसरे को बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया
 | 
बरेली::प्लाई फैक्ट्री में ड्यूटी कर रहे थे दो गार्ड, एक की मिली लाश, एक अस्पताल में भर्ती, जानिए क्या हुआ उस रात

 

न्यूज टुडे नेटवर्क। फरीदपुर की प्लाईवुड फैक्ट्री में ड्यूटी कर रहे दो गार्ड अचानक बेहोश हो गए। उनके मुंह से झाग निकलने लगा। कर्मचारियों ने उन्हें तड़पते देखा तो तत्काल एम्बुलेंस से अस्पताल लेकर पहुंचे जहां एक को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, दूसरे को बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों ने जहर देकर हत्या का आरोप लगाया है। वहीं, फैक्ट्री प्रबंधन अंगीठी के धुएं से दम घुटने की बात कह रहा है। फ़िलहाल, पुलिस दूसरे गार्ड के होश में आने पर बयान लेने की बात कह रही है।

बरेली के सिविल लाइंस इलाके में रहने वाले अमित कुमार निमानी की फरीदपुर थाना क्षेत्र के नवादावन गांव में भगवती उद्योग के नाम से प्लाईवुड फैक्ट्री है। उनकी फैक्ट्री में स्थानीय बकैनिया गांव निवासी 21 वर्षीय पंकज व पृथ्वीराज सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्य करते थे। शुक्रवार रात दोनों मुख्य गेट पर तैनात थे। सुबह करीब चार बजे फैक्ट्री के अन्य कर्मचारियों ने गार्ड रूम के अंदर दोनों को अर्द्ध बेहोशी की हालत में देखा। उनके मुंह से झाग निकल रहा था। इसके बाद फैक्ट्री परिसर में हड़कंप मच गया। दोनों को एंबुलेंस से अस्पताल लेकर गए। डॉक्टर ने पंकज को मृत बता दिया। पृथ्वीराज को गंभीर हालत में बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर एसपी देहात डॉक्टर संसार सिंह, सीओ आलोक कुमार अग्रहरि, कोतवाल सुरेंद्र पचौरी ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। पंकज के परिजन भी पहुंच गए। उन्होंने अज्ञात के खिलाफ बेटे की हत्या की तहरीर दी है। एसपी देहात डॉ. संसार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने व दूसरे गार्ड के होश आने के बाद बयान लिए जाएंगे।

कैमरे में रात तीन बजे तक गश्त करते दिखे

पुलिस ने फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग देखी जिसमें रात तीन बजे तक दोनों गश्त करते दिख रहे हैं लेकिन कोहरा होने की वजह से कैमरों में तस्वीर धुंधली है।

आसपास खूब बिकती है कच्ची शराब

आसपास के लोगों का कहना है कि प्लाई फैक्ट्री से जुड़े नवादावन, बकैनिया और भगवानपुर फुलवा समेत कई गांव में कच्ची शराब की अवैध भट्टियां चल रही है। उन भट्टियों की शराब फैक्ट्रियों के मजदूर पीते हैं। कई मजदूरों की शराब पीने से हालत बिगड़ चुकी है। सम्भवतः दोनों गार्डों ने तो कहीं कच्ची शराब का सेवन तो नहीं किया, इसकी जांच की जा रही है।

कमरे में गार्डों ने जला रखी थी अंगीठी

कर्मचारियों ने बताया कि फैक्ट्री के मुख्य गेट पर सिक्योरिटी गार्डों के लिए एक छोटा कमरा बना है। बीती रात ठंड अधिक होने की वजह से उस कमरे में गार्डों ने अंगीठी जला रखी थी। कमरे की खिड़की और दरवाजे बंद कर लिए थे। आशंका है कि दम घुटने से दोनों की हालत बिगड़ी और एक की मौत हो गई।

शनिवार को पुलिस भर्ती की परीक्षा देनी थी पंकज को

पंकज बीटीसी करने के बाद पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहा था। आर्थिक तंगी की वजह से उसने फैक्ट्री में गार्ड की नौकरी कर ली। शनिवार को उसका पेपर था लेकिन अचानक मौत पर घर में कोहराम मच गया। पंकज दो भाई और दो बहनों में सबसे बड़ा था।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जहर के मिले लक्षण, विसरा सुरक्षित

पंकज की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जहर के लक्षण मिले हैं। डॉक्टरों ने पंकज सिंह का विसरा सुरक्षित कर दिया है। इस मामले में फैक्ट्री मालिक अमित कुमार ने बताया कि सिक्योरिटी गार्ड ठंड अधिक होने की वजह से गार्ड रूम में अंगीठी जला रहे थे। उन्होंने कमरा बंद कर लिया था। इसलिए दम घुटने से गार्ड की मौत हो गई। पंकज के साथी गार्ड ने अस्पताल में पुलिस को इस मामले की जानकारी दी है। दोनों गार्ड नशे का सेवन नहीं करते थे।