Bareilly-चोरों का कमाल देखो, ताला तोड़कर अंदर घुसे, कुंडी लगाकर छत के रास्ते भाग गए
न्यूज टुडे नेटवर्क, बरेली। सुभाषनगर थाना क्षेत्र निवासी रिटायर्ड फौजी के बंद पड़े घर में चोर ताला तोड़कर अंदर घुसे। अंदर से कुंडी लगाकर आराम से चोरी की। फिर छत के रास्ते भाग गए। घर मालिक जब पहुंचे तो अंदर से कुंडी लगी देखकर दंग रह गए। पड़ोस के घर की छत से अंदर जाकर वे घर के अंदर दाखिल हुए तो अंदर का नजारा देखकर दंग रह गए।
सुभाषनगर शुगर फैक्ट्री निवासी हरमहेन्द्र सिंह आर्मी से सेवानिवृत्त हुए थे। उन्होंने बताया कि वह 14 फरवरी को बेटी के घर रामपुर परिवार समेत गये थे। 17 फरवरी को वह लौटे तो मेन गेट पर ताला नहीं लगा था। घर की कुंडी अंदर से बंद थी। यह देखकर वे हक्के-बक्के रह गए। तुरंत वह पड़ोसी शर्मा जी की छत से अपने घर की छत पर पहुंचे।
देखा कि जीने का दरवाजा टूटा पड़ा है और नीचे घर का सारा सामान अस्त व्यस्त है। उन्होंने तत्काल सूचना सुभाषनगर पुलिस को दी। हरमहेन्द्र सिंह के मुताबिक उनके मकान से सोने की अंगूठी, एक जोड़ी सोने के बुंदे व एक लाख 55 हजार रुपये चोरी हुये है। सुभाषनगर पुलिस ने पीड़ित हरमहेन्द्र सिंह की ओर से चोरी का मुकदमा दर्ज किया है।