बरेली -जीआरएम जूनियर विंग में खेल कूद का हुआ आयोजन, जंगल सफारी’ थीम पर बच्चों ने दिखाया उत्साह
बरेली -( जिया सती ) जीआरएएम स्कूल, नैनीताल रोड शाखा के जूनियर विंग में शुक्रवार को “जंगल सफारी” थीम पर आधारित एथलेटिक मीट का रंगारंग आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य रणबीर सिंह रावत और समन्वयक डॉ. विनीता सक्सेना ने मुख्य अतिथि राजेश अग्रवाल ‘जौली’, निदेशक त्रिजित अग्रवाल और रिद्धि अग्रवाल का स्वागत कर किया। मुख्य अतिथि ने रिबन काटकर खेल प्रतियोगिताओं की शुरुआत की और रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़कर बच्चों का उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम की सबसे खास बात “जंगल सफारी” थीम रही, जिसमें नन्हे बच्चों ने विभिन्न पशु-पक्षियों की आकर्षक वेशभूषा पहनकर सभी का मन मोह लिया। कक्षा केजी के विद्यार्थियों ने थीम पर आधारित सुंदर नृत्य प्रस्तुति दी और खेलों में अनुशासन व नियमों के महत्व का संदेश दिया। बच्चों की ऊर्जा और आत्मविश्वास ने उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों को काफी प्रभावित किया।
प्री-नर्सरी से लेकर केजी तक के विद्यार्थियों ने अलग-अलग खेल प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। “एनिमल्स ऑन द मूव रेस”, “मूव विद बैलेंस”, “बॉल इन द हूप” और “कोन एंड बॉल रेस” जैसी गतिविधियों में बच्चों ने अपनी प्रतिभा, फुर्ती और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में बच्चों की सहभागिता और खेल भावना देखने लायक रही।
कार्यक्रम के दौरान विजेता बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रबंधक राजेश अग्रवाल ‘जौली’ ने बच्चों के अनुशासन और सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों में प्रकृति और वन्यजीवों के प्रति प्रेम और जागरूकता बढ़ाने में सहायक होते हैं। उन्होंने कहा कि खेल गतिविधियाँ बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
प्रधानाचार्य रणबीर सिंह रावत और निदेशक त्रिजित अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि खेलकूद बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, समय प्रबंधन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। विशेष अतिथि रिद्धि अग्रवाल ने भी बच्चों की खेल भावना और अनुशासन की प्रशंसा की।
कार्यक्रम के अंत में जूनियर विंग की समन्वयक डॉ. विनीता सक्सेना ने सभी अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। खेलकूद शिक्षिकाओं पूजा शर्मा, यशस्वी कुमार और प्रगति पांडेय के प्रयासों की भी सराहना की गई। सुष्मिता शुक्ला और शीज़ान खान ने कार्यक्रम का संचालन किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ और पूरा आयोजन उल्लास, अनुशासन और आनंद से भरपूर रहा।