बरेलीः सुप्रिया ऐरन, अगम मौर्य, शहजिल इस्लाम, बहोरनलाल मौर्य व धर्मपाल सिंह ने दाखिल किया नामांकन पर्चा, अपनी अपनी जीत के दावे

 

न्यूज टुडे नेटवर्क। बरेली विधानसभा चुनावों के उम्मीदवार लगातार नामांकन करा रहे हैं। बरेली की कैंट सीट से समाजवादी पार्टी उम्मीदवार पूर्व मेयर सुप्रिया ऐरन ने गुरूवार को नामांकन पर्चा दाखिल किया। पूर्व मेयर सुप्रिया ऐरन पूर्व मंत्री व सांसद प्रवीण सिंह ऐरन के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंचीं। उनके साथ सैकड़ों की संख्या में समर्थकों का हुजूम भी कलेक्ट्रेट पहुंचा। नामांकन दाखिल करने के बाद सुप्रिया ऐरन ने विक्टरी साइन बनाकर अपने समर्थकों का अभिवादन किया।

बरेली कैंट विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी उम्मीदवार पूर्व मेयर सुप्रिया ऐरन ने नामांकन दाखिल करने के बाद कहा कि हमारा मकसद देश प्रदेश में भाजपा को रोकना है। हमारा मकसद यूपी में एक मजबूत सरकार देने का है। पूर्व मेयर ने आगे कहा कि बरेली कैंट की जनता पूरी तरह से उनके साथ है। एक महिला कैंडिडेट होने के नाते नारी शक्ति के रूप में उन्हें स्वीकारते हुए कैंट की जनता उन्हें जरूर जिताकर विधानसभा भेजेगी।

समाजवादी पार्टी के बिथरी चैनपुर विधानसभा सीट से उम्मीदवार पूर्व जिलाध्यक्ष अगम मौर्य ने भी आज नामांकन दाखिल कर दिया। अगम मौर्य सैकड़ों समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल करने कलेक्ट्रेट स्थित नामांकन स्थल पहुंचे हैं। भोजीपुरा विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार पूर्व मंत्री शहजिल इस्लाम ने नामांकन पर्चा दाखिल कर दिया। पूर्व मंत्री अपने समर्थकों के साथ पूरे जोष के साथ नामांकन कराने कलेक्ट्रेट पहुंचे। अगम मौर्य ने कहा कि यूपी में सपा की पूर्ण बहुमत से सरकार बनेगी। पूरे सूबे में सपा और अखिलेश यादव की इस बार लहर है। दावा किया कि समाजवादी पार्टी बरेली की सभी सीटें जीत रही है।

नामांकन दाखिल करने के बाद पूर्व मंत्री शहजिल इस्लाम ने कहा कि हमने सपा उम्मीदवार के तौर पर भोजीपुरा सीट से नामांकन दाखिल कर दिया है। पूरे जिले की सभी सीटों पर सपा के नेता कार्यकर्ता व पदाधिकारी पार्टी उम्मीदवारों को जिताने के लिए जी जान से जुटे हुए हैं। पूर्व मंत्री ने दावा किया यूपी में समाजवादी पार्टी 300 से अधिक सीटें जीतकर इस बार सरकार बनाने जा रही है। मौजूदा भाजपा विधायक बहोरनलाल मौर्य पर आरोप लगाते हुए पूर्व मंत्री ने कहा कि विधायक ने खुद का विकास कराया है। भोजीपुरा में कोई विकास कार्य नहीं हुए हैं।

कहा कि भोजीपुरा में जो भी विकास कार्य हुए हैं वे उनकी सपा सरकार में ही हुए हैं। कहा कि भाजपा विधायक ने कोई पुल नहीं बनाया। कोई सड़क नहीं बनवायी, कोई अस्पताल नहीं बनवाया। रोजगार देने के लिए भी कोई काम नहीं किया। उन्होंने ऐसा कोई काम नहीं किया जिस पर जनता उन्हें वोट दे दे। पूर्व मंत्री शहजिल इस्लाम ने कहा कि इस चुनावों में सपा की पूरे राज्य में लहर चल रही है, इस लहर के आगे सभी पार्टियां धराषायी होने जा रही है। 10 मार्च को अखिलेश यादव पूर्ण बहुमत वाली सपा सरकार के मुख्यमंत्री बनने जा रही हैं।

इसके अलावा भोजीपुरा सीट से भाजपा के उम्मीदवार बहोरनलाल मौर्य ने भी अपना नामांकन दाखिल किया। बहोरनलाल मौर्य ने कहा कि पूरे सूबे में भाजपा की लहर चल रही है। भाजपा सरकार में विकास की गंगा पांच साल बही है। बोले कि विधायक बनने के बाद उनके क्षेत्र में जो काम छूट गए हैं वे उन्हें जल्द से जल्द पूरा कराएंगे। गौरतलब है कि भोजीपुरा सीट से सपा ने पूर्व मंत्री षहजिल इस्लाम को उम्मीदवार बनाया है। इस सीट पर इस बार सपा भाजपा में कांटे की टक्कर मानी जा रही है।

वहीं पूर्व मंत्री व आंवला सीट से भाजपा के उम्मीदवार धर्मपाल सिंह ने भी गुरूवार को नामांकन पर्चा दाखिल किया। नामांकन के बाद दोनों भाजपा उम्मीदवारों ने अपनी अपनी जीत का दावा किया। कहा कि उनके क्षेत्र में भाजपा सरकार में खूब विकास हुए हैं। जनता पूरी तरह से भाजपा के साथ है। पूर्व मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि इस बार क्षेत्र में गायों की समस्याओं को दूर करते हुए हर न्याय पंचायत स्तर पर गौषालाएं बनवाने का काम किया जायेगा। आंवला को जिला बनाने का काम किया जायेगा। अभी षिक्षा के क्षेत्र में भाजपा सरकार में पहले ही काफी काम हो चुके हैं। अभी और भी षिक्षा के क्षेत्र में काम कराएंगे। धर्मपाल सिंह ने कहा कि यूपी में कोई बदलाव की बयार नहीं है। इस बार जनता पूरी तरह से मन बना चुकी है। बोले कि जनता खुद कह रही है कि योगी सरकार विकास और सुरक्षा के मुद्दे पर अव्वल सरकार साबित हुयी है। इस सरकार में गुंडई खत्म हुयी है। सभी को सरकारी सुविधाओं का लाभ पहुंचा है। कहा कि भाजपा पूर्ण बहुमत से सूबे में सरकार बनाएगी।