बरेली। शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए गुरु मेहरोत्रा को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड

​​​​​​​

 

बरेली। शिक्षा के क्षेत्र में लंबे समय से किए जा रहे उल्लेखनीय एवं समर्पित योगदान के लिए द गुरु स्कूल के मैनेजर श्री गुरु मेहरोत्रा को सहोदया स्कूल कॉम्प्लेक्स, शाहजहांपुर द्वारा प्रतिष्ठित लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।

यह सम्मान उन्हें उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री सुरेश खन्ना द्वारा प्रदान किया गया। इस अवसर पर डॉ. हरिसिंह डिल्लो, एमएलसी, बरेली-मुरादाबाद मंडल, सदस्य राज्यसभा श्री मिथिलेश कठेरिया सहित शिक्षा जगत से जुड़े अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

यह सम्मान शिक्षा के क्षेत्र में श्री गुरु मेहरोत्रा के दीर्घकालीन योगदान, उनके समर्पण तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए गए निरंतर प्रयासों के सम्मानस्वरूप प्रदान किया गया। शिक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों में ज्ञान के साथ-साथ संस्कार, चरित्र निर्माण, अनुशासन एवं जीवन-मूल्यों को विकसित करने के उनके प्रयासों को विशेष रूप से सराहा गया।

सम्मान प्राप्त करने पर श्री गुरु मेहरोत्रा ने सहोदया स्कूल कॉम्प्लेक्स, शाहजहांपुर तथा सभी सम्मानित अतिथियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा,

“यह सम्मान मेरे लिए अत्यंत गर्व और विनम्रता का विषय है। मैं इसे केवल अपना व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि उन सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षा जगत से जुड़े सहयोगियों के सामूहिक प्रयासों का सम्मान मानता हूँ, जिन्होंने मेरी इस शैक्षिक यात्रा में निरंतर साथ दिया। शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह चरित्र निर्माण, संस्कार और एक बेहतर समाज के निर्माण की सतत प्रक्रिया है। शिक्षा के इस पवित्र उद्देश्य के प्रति मेरा समर्पण सदैव जारी रहेगा।”

लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित होना श्री गुरु मेहरोत्रा की शिक्षा के प्रति वर्षों की निष्ठा, समर्पण और सेवाभाव का महत्वपूर्ण सम्मान है।