''बरेली - ला मोंक के संस्थापक गौरव मित्तल को मिला सम्मान, यूपीआईटीएस शो में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से की विशेष मुलाकात''

 

बरेली - ( जिया सती ) ग्रेटर नोएडा में आयोजित यूपीआईटीएस शो के दौरान बरेली के प्रसिद्ध ब्रांड ला मोंक के संस्थापक और निर्यातक गौरव मित्तल को सम्मानित किया गया। उन्हें उत्तर प्रदेश के शीर्ष 10 प्रतिष्ठित व्यक्तियों में शामिल किया गया, जो उनके लंबे समय से किए जा रहे प्रयासों और उपलब्धियों का प्रमाण है। इस अवसर पर वे देश और प्रदेश के गणमान्य लोगों से मिले और अपने कार्यों के बारे में साझा किया।

कार्यक्रम के दौरान गौरव मित्तल की प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात तय थी, लेकिन अंतिम समय पर प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में बदलाव होने के कारण यह संभव नहीं हो सका। इसके बावजूद गौरव मित्तल ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से विशेष भेंट की। इस मुलाकात में उन्होंने अपने काम और उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी और एक विशेष फोटो सत्र में भी हिस्सा लिया।

गौरव मित्तल को इससे पहले भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कई बार सम्मानित कर चुके हैं। वे राज्य के सर्वश्रेष्ठ निर्यातकों में गिने जाते हैं और उनके कार्य को हमेशा सराहा गया है। उनकी मेहनत और लगन ने उन्हें न सिर्फ राष्ट्रीय बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान दिलाई है।
ला मोंक ब्रांड का कस्तूरी इत्र भी विशेष महत्व रखता है। यह वही इत्र है जिसे अयोध्या में राम मंदिर के उद्घाटन पर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीराम को अर्पित किया था। इस अवसर ने गौरव मित्तल के कार्य को और भी अधिक ऐतिहासिक और यादगार बना दिया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी पिछली बरेली यात्रा के दौरान भी गौरव मित्तल से मुलाकात की थी। उस समय गौरव मित्तल ने उन्हें प्राकृतिक इत्र भेंट किया था, जिसे मुख्यमंत्री ने बहुत पसंद किया और उन्हें स्नेहपूर्वक “बरेली का परफ्यूम बॉय” भी कहा था। यह उपाधि उनके काम और उनकी पहचान को और खास बनाती है।

गौरव मित्तल का कहना है कि उनकी यह उपलब्धि केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं है, बल्कि प्रकृति, परंपरा और शुद्धता को दुनिया तक पहुँचाने के उनके प्रयासों का प्रतीक है। वर्षों से वे और उनकी टीम शुद्ध और जैविक कच्चे माल से इत्र तैयार कर रहे हैं, और इसी समर्पण ने उन्हें आज यह सम्मान और पहचान दिलाई है।