बरेली ब्रेकिंगः रामगंगा कटरी कांड में हिस्ट्रीशीटर सपा नेता सुरेश प्रधान गया जेल

जमीनों पर कब्जेदारी को लेकर हुए खून-खराबे में शामिल 20 से अधिक लोग भेजे जा चुके जेल

 
न्यूज टुडे नेटवर्क। बरेली की रामगंगा कटरी में पिछले दिनों हुए खून-खराबा और तिहरे हत्याकांड में शामिल हिस्ट्रीशीटर सपा नेता सुरेश प्रधान भी आखिरकार सलाखों के पीछे पहुंच भी गया। सरदार परमवीर सिंह गुट के साथ खूनी टकराव में सुरेश प्रधान भी जख्मी हो गया था और कई दिन से बरेली के एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज करा रहा था। हालत सुधरते ही पुलिस ने उसे भतीजे के साथ जेल भेज दिया। उसकी निशानदेही पर हथियार भी बरामद हुए हैं।

कटरी कांड में पकड़े गए अपराधियों से पुलिस की पूछताछ कई चौंका देने वाले राज भी सामने आए हैं। पता लगा है कि कटरी में जमीनों के खेल में शामिल आगरा के पाठक बंधुओं ने बाहुबली और अपराधियों से पैसे की डील कर परमवीर सिंह पक्ष को सबक सिखाने भेजा था। मौके पर परमवीर गुट और हिस्ट्रीशीटर सुरेश प्रधान गुट आपस में भिड़ गए थे और जमकर गोलियां व तलवारें चली थीं। संघर्ष में दोनों पक्षों के तीन लोग मारे गए थे, जबकि हिस्ट्रीशीटर सुरेश प्रधान घायल हो गया था। घटना के बाद से बरेली पुलिस एवं प्रशासन तेजी से कार्रवाई में जुटे नजर आ रहे हैं। अब तक 20 से अधिक लोग जेल भेजे जा चुके हैं और दबंगों के कब्जे से सैकड़ों बीघा जमीन मुक्त कराई जा चुकी है। हिस्ट्रीशीटर सुरेश प्रधान और दबंग परमवीर सिंह को भूमाफिया घोषित करने की भी तैयारी प्रशासन स्तर पर चल रही है।