उत्तराखंड - जेल में बंद यूट्यूबर अनुराग डोभाल की बढ़ीं मुश्किलें, मारपीट और इस आरोप में एक और मुकदमा दर्ज
देहरादून - सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और यूके-07 राइडर के नाम से मशहूर यूट्यूबर अनुराग डोभाल की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। अनुराग डोभाल और उसके पांच-छह साथियों के खिलाफ देहरादून के रायपुर थाने में घर में घुसकर मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने, निजी डिजिटल डेटा चोरी करने और सामान ले जाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता आयुष थपलियाल ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने हथियार दिखाकर उसे डराया और उसके मोबाइल फोन से निजी जानकारी हासिल करने के बाद उसे सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड करने के लिए मजबूर किया।
घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप -
शिकायत के मुताबिक, घटना तीन अक्टूबर 2026 की रात करीब आठ बजे विवेक विहार, नकरौंदा स्थित आयुष थपलियाल के घर पर हुई। आयुष का आरोप है कि अनुराग डोभाल अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए घर में घुस गया। इसके बाद उसके बाल खींचे गए और थप्पड़ मारे गए। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि इस दौरान छोटा पंडित उर्फ खुखरी ने उसके हाथ पकड़ लिए, जबकि टाइगर ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया।
आयुष के अनुसार, उसकी मौसी ने बीच-बचाव करने की कोशिश की। आरोप है कि इस दौरान अनुराग ने उसकी मां और मौसी के पैर छूकर शांत रहने को कहा। हालांकि, शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि टाइगर और खुखरी ने कमर में हथियार दिखाकर उसे चुप रहने की धमकी दी। उसे हरिद्वार के अभिषेक सैनी जैसा हश्र करने की धमकी दिए जाने का आरोप भी लगाया गया है।
मोबाइल अनलॉक कराकर निजी डेटा लेने का आरोप -
शिकायतकर्ता का आरोप है कि परिवार को नुकसान पहुंचाए जाने की आशंका के चलते उसे अपना मोबाइल फोन अनलॉक करना पड़ा। इसके बाद आरोपियों ने कथित तौर पर उसके मोबाइल से निजी फोटो, वीडियो, संपर्क सूची और सोशल मीडिया से जुड़ी जानकारी सहित व्यक्तिगत डिजिटल डेटा अपने पास ट्रांसफर कर लिया।
आयुष ने यह भी आरोप लगाया कि निजी जानकारी हासिल करने के बाद उसे अपनी बात के अनुसार वीडियो रिकॉर्ड करने और अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड करने के लिए मजबूर किया गया। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
हेडसेट, धूप का चश्मा और चार्जर ले जाने का आरोप -
आयुष थपलियाल ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि घर से जाते समय आरोपी उसका ब्लूटूथ हेडसेट, रे-बैन धूप का चश्मा, एक्सटर्नल हार्ड ड्राइव और आईफोन का मूल चार्जर भी अपने साथ ले गए। शिकायत के आधार पर रायपुर थाना पुलिस ने अनुराग डोभाल और उसके साथियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। रायपुर थाना प्रभारी संजीत कुमार के मुताबिक, शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
पहले से जेल में बंद है अनुराग डोभाल -
गौरतलब है कि मारपीट और अपहरण के प्रयास से जुड़े एक अन्य मामले में अनुराग डोभाल और उसके तीन साथी पहले से जेल में बंद हैं। उस मामले में जमानत के लिए दायर याचिका भी अदालत से खारिज हो चुकी है। अब एक और प्राथमिकी दर्ज होने के बाद यूट्यूबर की कानूनी मुश्किलें बढ़ सकती हैं। हालांकि, ताजा मामले में लगाए गए आरोपों की सत्यता जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।