उत्तराखंड - रामनगर में भीषण सड़क हादसा, चार महीने पहले हुई थी यतीश-शीतल की शादी, हादसे में उजड़ गया सुहाग

 

रामनगर - राष्ट्रीय राजमार्ग-309 काशीपुर-बुआखाल मार्ग पर शुक्रवार तड़के डंपर और स्कॉर्पियो की जोरदार टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से दोनों को वाहन से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद निवासी यतीश अपनी पत्नी शीतल यादव के साथ देर रात स्कॉर्पियो से रामनगर की ओर आ रहे थे। रात करीब 1:45 बजे काशीपुर की ओर उपखनिज लेकर जा रहे डंपर से उनकी स्कॉर्पियो की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो पलट गई और उसमें सवार पति-पत्नी वाहन के नीचे दब गए।

हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान वहां से गुजर रहे लोगों की मदद से दोनों घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया। दोनों को उपचार के लिए रामनगर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने यतीश को मृत घोषित कर दिया। उनकी पत्नी शीतल की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि दंपती पर्यटक के तौर पर नैनीताल की ओर जा रहे थे। बताया गया कि दोनों की शादी को अभी करीब चार माह ही हुए थे। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।