हल्द्वानी - डीएम की पहल से भू- माफिया के कब्जे से मुक्त हुई 25 नाली भूमि, पीड़ित महिला को मिला न्याय

 

नैनीताल - जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की संवेदनशील पहल और त्वरित कार्रवाई के चलते विकासखंड धारी के ग्राम कौल निवासी भगवती देवी को बड़ी राहत मिली है। राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए भू-माफिया के कब्जे से उनकी करीब 25 नाली पैतृक भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराकर दोबारा उन्हें कब्जा सौंप दिया।

जानकारी के अनुसार, भगवती देवी पत्नी स्वर्गीय दीवान राम की पैतृक भूमि पर लंबे समय से भू-माफियाओं ने अवैध कब्जा कर रखा था। कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद उन्हें न्याय नहीं मिल सका। इसके बाद उन्होंने अपनी समस्या से जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल को अवगत कराया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने राजस्व टीम को मौके पर भेजकर जांच कराने के निर्देश दिए। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर जिलाधिकारी के निर्देशानुसार संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए करीब 25 नाली भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया और उसका कब्जा भगवती देवी को सौंप दिया। जमीन वापस मिलने पर भगवती देवी ने जिलाधिकारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय बाद उन्हें न्याय मिला है।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि गरीब, असहाय और पीड़ित लोगों की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि आमजन को समय पर न्याय मिल सके।