Weather Alert - उत्तराखंड में 16 सितंबर तक बारिश का दौर, इन छह जिलों में आज भारी बारिश का येलो अलर्ट
 

 

देहरादून - उत्तराखंड में अगले सात दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने 16 सितंबर तक प्रदेश के अनेक स्थानों पर बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। इस दौरान कई जिलों में भारी बारिश के साथ बिजली चमकने और तेज बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट भी जारी किया है।

गुरुवार 10 सितंबर को देहरादून, टिहरी गढ़वाल, नैनीताल, बागेश्वर, चंपावत और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। प्रदेश के सभी जिलों में कुछ स्थानों पर बिजली चमकने के साथ तेज से अति तेज बारिश के दौर आने की संभावना है। शुक्रवार 11 सितंबर को देहरादून, टिहरी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं भारी बारिश होने का अनुमान है। वहीं, प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी तेज से बहुत तेज बारिश के दौर आ सकते हैं।

शनिवार 12 सितंबर को देहरादून, बागेश्वर और उत्तरकाशी में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान राज्य के सभी जिलों में गरज-चमक के साथ तेज से बहुत तेज बारिश हो सकती है। रविवार 13 सितंबर को पिथौरागढ़ और बागेश्वर में भारी बारिश का अनुमान है, जबकि अन्य जिलों में भी तेज बौछारें पड़ सकती हैं।

14 सितंबर को गणेश चतुर्थी के दिन प्रदेश के सभी जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर तेज से बहुत तेज बारिश के दौर भी आ सकते हैं। 15 और 16 सितंबर को भी प्रदेश के सभी जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान है। इस दौरान बादलों की गर्जना और बिजली चमकने के साथ बारिश हो सकती है।