उत्तराखंड- सेल्फी के चक्कर में हाथियों के बीच पहुंचे युवक, दौड़ा-दौड़ाकर भगाया 

 

उत्तराखंड- वन्यजीवों के साथ सेल्फी और वीडियो बनाने का शौक छह युवकों को भारी पड़ गया। हरिद्वार के सप्तऋषि घाट क्षेत्र में गंगा पार कर हाथियों के झुंड के करीब पहुंचने पर युवक खुद अपनी जान जोखिम में डाल बैठे। हाथियों ने खुद को असुरक्षित महसूस किया और अचानक आक्रामक होकर युवकों के पीछे दौड़ पड़े। इस दौरान दो युवकों की जान बाल-बाल बची। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

 


जानकारी के अनुसार, बीते दिन छह युवक गंगा स्नान के लिए हरिद्वार पहुंचे थे। स्नान के दौरान उनकी नजर गंगा के दूसरी ओर घूम रहे हाथियों के झुंड पर पड़ी। झुंड में एक शिशु हाथी समेत करीब आठ से दस हाथी मौजूद थे। रोमांच और फोटो खींचने के उद्देश्य से युवक गंगा पार कर हाथियों के काफी नजदीक पहुंच गए और मोबाइल से तस्वीरें एवं वीडियो बनाने लगे।

 


इसी दौरान हाथियों ने युवकों को देख लिया। झुंड में शिशु हाथी होने के कारण हाथियों ने खतरा महसूस किया और अचानक युवकों की ओर दौड़ पड़े। हाथियों को अपनी तरफ आता देख युवकों में अफरा-तफरी मच गई और सभी जान बचाने के लिए अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे। दो युवक हाथियों के बेहद करीब पहुंच गए थे, जिससे उनकी जान पर बन आई। हालांकि उन्होंने तेजी से भागकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचते हुए खुद को बचा लिया।


घटना को सप्तऋषि घाट पर मौजूद एक युवक ने अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया। वायरल वीडियो में हाथी युवकों का पीछा करते हुए स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने भी युवकों की लापरवाही पर सवाल उठाए हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन कर्मियों ने हाथियों को सुरक्षित रूप से जंगल की ओर खदेड़ा, जबकि युवकों को कड़ी फटकार लगाई गई। अधिकारियों ने भविष्य में ऐसी हरकत दोहराने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
वन विभाग की अपील


वन रेंज अधिकारी शीशपाल सिंह ने कहा कि जंगल और वन्यजीव क्षेत्रों में इस तरह की लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। बिना अनुमति वन क्षेत्र में प्रवेश करना और वन्यजीवों के अत्यधिक करीब जाना जानलेवा साबित हो सकता है। लोगों को फोटो और वीडियो बनाने के लिए वन्यजीवों के पास जाने से बचना चाहिए।