Uttarakhand Weather - प्रदेश में बदला मौसम का मिजाज, बारिश-बर्फबारी से ठंड बढ़ी, इन जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी

 

Uttarakhand Weather - उत्तराखंड में इन दिनों मौसम का मिजाज तल्ख बना हुआ है। राज्य के कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है, जबकि उच्च हिमालयी क्षेत्रों में भारी बर्फबारी दर्ज की जा रही है। बीती रात गंगोत्री धाम में भी बर्फबारी शुरू हो गई, जिससे ठंड में इजाफा हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, आज भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम खराब रहने की संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों से लेकर मैदानी इलाकों तक आसमान में बादल छाए हुए हैं। ऊंचाई वाले इलाकों (3000 मीटर से अधिक) में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है।

ऑरेंज अलर्ट जारी - 
मौसम विभाग ने हरिद्वार, उधम सिंह नगर, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और ओलावृष्टि के साथ तेज हवाएं (50–60 किमी/घंटा) चलने की चेतावनी दी है। इन क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

येलो अलर्ट वाले जिले - 
उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भी गरज-चमक के साथ बारिश और 40–50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। लगातार बारिश और बर्फबारी के कारण पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान सामान्य से नीचे चला गया है, जबकि मैदानी इलाकों में तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।