उत्तराखंड - विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, बिजली कनेक्शन के नाम पर भारी रिश्वत लेते जेई रंगे हाथों हुआ गिरफ्तार
 

 

देहरादून - सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग के एक जूनियर इंजीनियर को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अतुल कुमार के रूप में हुई है, जो पथरी बाग स्थित 33/11 केवी बिजली घर में तैनात था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि जेई अतुल कुमार उससे उसकी पत्नी के नाम पर खरीदे गए अपार्टमेंट में बिजली कनेक्शन जारी करने और विद्युत भार बढ़ाने के लिए 80,000 रुपये की रिश्वत मांग रहा था।

 

शिकायत मिलने के बाद सतर्कता अधिष्ठान ने मामले की जांच की और आरोपों की पुष्टि होने पर ट्रैप ऑपरेशन की योजना बनाई। मंगलवार को विजिलेंस टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई की और आरोपी को शिकायतकर्ता से 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान टीम ने आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए और आरोपी को हिरासत में ले लिया।

 

अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस प्रकरण में अन्य कोई अधिकारी या कर्मचारी शामिल तो नहीं है। इस कार्रवाई के बाद बिजली विभाग में हड़कंप मच गया है। सतर्कता अधिष्ठान ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो इसकी शिकायत तुरंत करें, ताकि भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।